रामकुमार गुप्ता आरंग : आरंग युवा एवं खेल संगठन द्वारा संचालित आरंग क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित ब्लॉक स्तरीय इंटर स्कूल क्रिकेट चैंपियनशिप सीजन-1 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला द आरंभ स्कूल नरदहा और स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद के बीच खेला गया। एकतरफा रहे इस मुकाबले में स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द आरंभ स्कूल नरदहा को हराकर फाइनल में प्रवेश करने वाली पहली टीम बनने का गौरव हासिल किया।
मैच में द आरंभ स्कूल नरदहा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद की कसी हुई गेंदबाजी के सामने नरदहा की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। टीम का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका। मोहित ने 8, कार्तिक ने 7 और भव्य ने 7 रन बनाए। पूरी टीम 13.4 ओवर में महज 49 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
मंदिरहसौद की ओर से आदित्य और चिरंजीव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट हासिल किए, वहीं जय कुमार, विपुल, दिव्य और अमन खान ने 1-1 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी।
50 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 4.4 ओवर में ही जीत हासिल कर ली। नारायण ने 28 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि दिव्य मिश्रा 9 रन बनाकर नाबाद रहे।
शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट हासिल करने वाले चिरंजीव वर्मा को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इस जीत के साथ ही स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद इंटर स्कूल क्रिकेट चैंपियनशिप सीजन-1 के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला कल पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल आरंग और सृजन सोनकर स्कूल आरंग के बीच खेला जाएगा। वहीं, पराजित होने के बावजूद द आरंभ स्कूल नरदहा की टीम तीसरे स्थान के लिए मुकाबले की दौड़ में बनी हुई है।