राजनांदगांव: बोर्ड परीक्षाओं के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शिक्षक और कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने हाईस्कूल, हायर सेकंडरी सहित अन्य मुख्य परीक्षाओं में ड्यूटी करने वाले परीक्षा अमले के मानदेय में बढ़ोतरी कर दी है। नई व्यवस्था के तहत केन्द्राध्यक्ष से लेकर कक्ष पर्यवेक्षक, लिपिक और भृत्य तक को पहले की तुलना में अधिक मानदेय मिलेगा। लंबे समय से मानदेय में संशोधन की प्रतीक्षा कर रहे शिक्षकों और कर्मचारियों की मांग को ध्यान में रखते हुए मंडल ने नई दरें निर्धारित की हैं। नई व्यवस्था में परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या के आधार पर केंद्रध्यक्ष का मानदेय निर्धारित किया गया है। 500 तक परीक्षार्थियों वाले केंद्रों में केंद्राध्यक्ष को 180 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे। वहीं, 500 से अधिक परीक्षार्थियों वाले केंद्रों में यह राशि बढ़ाकर 200 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है। बड़े परीक्षा केंद्रों में कार्यभार को व्यवस्थित करने के लिए नियुक्त सहायक केंद्राध्यक्ष को 150 रुपये प्रतिदिन मानदेय दिया जाएगा।
भृत्यों को 40 और उत्तरपुस्तिका परिवहन के लिए 120 रुपए
परीक्षा केंद्रों में साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालने वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों यानी भृत्यों को 40 रुपए प्रतिदिन मानदेय मिलेगा। इसके अलावा उत्तरपुस्तिकाओं के सुरक्षित परिवहन और निगरानी से संबंधित कार्यों के लिए 120 रुपए निर्धारित किए गए हैं।
केंद्रों के आकस्मिक खर्चों के लिए भी अलग से राशि तय की गई है। 200 तक परीक्षार्थियों वाले केंद्रों को प्रति छात्र चार रुपये तथा 200 से अधिक परीक्षार्थियों की संख्या होने पर प्रति छात्र दो रुपये की दर से केंद्र व्यय दिया जाएगा। मंडल ने स्पष्ट किया है कि जिन मदों में मानदेय की दरों में संशोधन नहीं किया गया है, उनमें पूर्व निर्धारित दरें ही लागू रहेंगी।
15 नवंबर तक पाठ्यक्रम को पूर्ण करने पर जोर
शिक्षा विभाग ने 15 नवंबर तक कक्षा 10 वीं-12 वीं के पाठ्यक्रम को पूर्ण करने का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा प्रतिभावान विद्यार्थियों की अलग से कक्षाएं ली जाएगी। यहीं नहीं तिमाही परीक्षा में जिन विद्यार्थियों को प्रदर्शन निराशाजनक रहा है, उन्हें अलग से पढ़ाई कराई जाएगी। ताकि वे आगामी छमाही और बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सके।