November 03, 2026


एमसीएच में खुलेगी अमृत फार्मेसी सस्ते में मिलेंगे सर्जिकल उपकरण

हृदय रोग से लेकर हड्डियों के प्रत्यारोपण तक की सामग्री होगी उपलब्ध खरीद मूल्य पर अधिकतम 17.5 प्रतिशत तक ही मूल्यवृद्धि का प्रविधान, 24 घंटे मिलेगी सेवा

राजनांदगांव : गंभीर बीमारियों के उपचार में इस्तेमाल होने वाले महंगे सर्जिकल उपकरण और प्रत्यारोपण सामग्री अब मरीजों को किफायती दरों पर उपलब्ध कराने की तैयारी है। पेंड्री स्थित मेडिकल कालेज अस्पताल (एमसीएच) की सीसीआइ यूनिट में केंद्र सरकार कीेेेे अमृत फार्मेसी शुरू की जाएगी। इसका संचालन एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड करेगा। फार्मेसी शुरू होने से मरीजों को दवाइयों के साथ हृदय रोग, हड्डियों और अन्य गंभीर बीमारियों के उपचार में इस्तेमाल होने वाले उपकरण कम कीमत पर मिल सकेंगे। मेडिकल कालेज एवं अस्पताल की ओर से इसके लिए जरुरी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई है।

अमृत फार्मेसी में सामान्य दवाइयों के अलावा सर्जिकल उपभोग सामग्री और विभिन्न प्रकार के प्रत्यारोपण उपकरण उपलब्ध कराने की योजना है। इसमें कार्डियक इंप्लांट, आर्थोपेडिक इंप्लांट, काक्लियर इंप्लांट, हियरिंग एड, चश्मे, कांटैक्ट लेंस, टीके और सीरा सहित अन्य चिकित्सा सामग्री शामिल हैं। इससे हृदय रोगियों और घुटने सहित हड्डियों के प्रत्यारोपण कराने वाले मरीजों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है। परियोजना के समझौते में कीमतों को नियंत्रित रखने का प्रविधान किया गया है। इसके अनुसार, दवाइयों और चिकित्सा सामग्री का अधिकतम खुदरा मूल्य खरीद मूल्य पर 17.5 प्रतिशत से अधिक नहीं होगा। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए दवाइयों और उपकरणों की जांच तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप आपूर्ति की व्यवस्था भी रहेगी।

24 घंटे और सातों दिन मिलेगी सुविधा

समझौते के अनुसार, फार्मेसी का संचालन 24 घंटे और सातों दिन किया जाएगा। इसके लिए पंजीकृत फार्मासिस्ट और बिलिंग कर्मचारी तैनात होंगे। अस्पताल परिसर में लगभग 1000 से 1500 वर्गफीट जगह उपलब्ध कराने का प्रविधान है। ओपीडी, आइपीडी, आपरेशन थिएटर और आइसीयू सहित अस्पताल के विभिन्न विभागों की जरूरत के अनुसार दवाइयां और उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। फार्मेसी शुरू होने से राजनांदगांव सहित आसपास के क्षेत्रों से उपचार के लिए आने वाले मरीजों को महंगी चिकित्सा सामग्री किफायती दरों पर उपलब्ध होने का विकल्प मिलेगा।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch