डोंगरगढ़ :- क्षेत्र के किसानों को खाद एवं बीज उपलब्धता में आ रही समस्याओं को लेकर विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न सहकारी समितियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम बैहाटोला, आमदनी, भरतपुर एवं पांडादाह की सोसायटियों में पहुंचकर किसानों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने खाद की कमी और वितरण में हो रही परेशानियों की जानकारी विधायक को दी। इस पर विधायक हर्षिता बघेल ने संबंधित अधिकारियों से स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि सोसायटियों में खाद की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध होना उनकी खेती के लिए आवश्यक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों से किए गए कई वादे अब तक पूरे नहीं हो पाए हैं। साथ ही कहा कि यदि शीघ्र ही खाद की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई तो किसानों में असंतोष बढ़ सकता है। उन्होंने किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता तेजराम वर्मा, सुरजीत सिंह ठाकुर, कमलेश वर्मा, विभिन्न बूथ अध्यक्ष, कांग्रेस कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। विधायक ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।