October 29, 2026


मोहला में शिक्षकों की निश्शुल्क कक्षा से 10 से अधिक युवाओं का चयन

कलेक्टर से मिले चयनित युवा, शिक्षकों ने कक्षा के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की

राजनांदगांव: ग्रामीण अंचलों के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़े शहरों का रुख न करना पड़े, इसके लिए मोहला विकासखंड के शिक्षकों ने अनूठी पहल की है। शिक्षकों की ओर से पिछले दो वर्षों से संचालित निश्शुल्क कक्षा के माध्यम से अब तक 10 से अधिक विद्यार्थियों का विभिन्न पदों पर चयन हो चुका है। इनमें नगर सैनिक, पुलिस आरक्षक और फायरमैन के पदों पर चयनित युवा शामिल हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पर्याप्त संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध नहीं होने से विद्यार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए शिक्षक नरेन्द्र कुमार देवांगन, रवि कुमार श्रीवास, मीनू रमन और मंजू ताराम विद्यार्थियों को निश्शुल्क पढ़ाई के साथ परीक्षा की तैयारी के लिए मार्गदर्शन दे रहे हैं। चयनित युवाओं ने कलेक्टर तनुजा सलाम से मुलाकात कर अपनी उपलब्धियों और कक्षा से मिल रहे मार्गदर्शन की जानकारी दी। कलेक्टर ने चयनित विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया।

 बेहतर कक्ष और बैठने की सुविधा की मांग

मुलाकात के दौरान शिक्षकों ने निश्शुल्क कक्षा के संचालन में आ रही समस्याओं और आवश्यकताओं से भी कलेक्टर को अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए बेहतर कक्ष, बैठने की समुचित व्यवस्था और निश्शुल्क अध्यापन में जुटे शिक्षकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया गया।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch