राजनांदगांव: दो दिन की मामूली राहत के बाद नवतपा ने एक बार फिर तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान फिर 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर के समय शहर की सड़कें सूनी नजर आईं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।
इससे पहले 25 मई को जिले का तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इसके बाद दो दिनों तक तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई और पारा 45.5 डिग्री से नीचे आकर करीब 42 डिग्री तक पहुंचा। हालांकि यह राहत ज्यादा दिन नहीं टिक सकी और शुक्रवार को गर्मी ने फिर जोर पकड़ लिया।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल उत्तर-पश्चिम दिशा से गर्म और शुष्क हवाएं आ रही हैं, जिसके कारण तापमान में बढ़ोतरी बनी हुई है। वहीं बंगाल की खाड़ी और दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में सक्रिय हो रही मौसमी गतिविधियों का असर अगले एक-दो दिनों में देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि बादल छाने और हल्की बारिश या गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ने पर तापमान में गिरावट आ सकती है। भीषण गर्मी का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर के समय बाजारों में भीड़ कम हो गई है। अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त और हीट स्ट्रोक के मरीज बढ़ने लगे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी खेत और खुले इलाकों में काम करने वाले लोग गर्म हवाओं से परेशान हैं। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून पूर्व की मौसमी हलचल शुरू होने तक जिले में गर्मी का असर बना रह सकता है।