राजनांदगांव : वार्ड 18 ममता नगर के रहवासियों के पास शिकायतों से अधिक मांग हैं। वार्ड में सड़क, नाली, उद्यान, सामुदायिक भवन, लाइट, आंगनबाड़ी भवन से जुड़ी मांगों की लंबी सूची है। इनमें से कुछ मांगे तो लंबे समय से की जा रही है लेकिन ये पूरी ही नहीं हो रही। वार्डवासियों का यह भी आरोप है कि लगे हुए वार्डों में विकास कार्यों की गति तेज है लेकिन इस वार्ड से भेदभाव हो रहा है।
वार्ड की पहली समस्या जलापूर्ति से जुड़ी हुई है। यहां अधिकतर परिवार दो नल कनेक्शन के भरोसे हैं। इनमें भी पर्याप्त पानी न आने की शिकायत बनी हुई है। नालियों के आसपास से गुजरी डिस्ट्रीब्यूशन लाइन के चलते कई बार पानी में गंदगी आने लगती है। दूसरी कमी नालियों की हैं। कई मोहल्लों में नालियां टूट चुकी हैं या जर्जर हो चुकी हैं। बारिश के दिनों में इसके चलते जलभराव की स्थिति बनती है तो बाकी के दिनों में यहां कचरा फंस जाने से बदूब फैलने लगती है। वार्ड की कई सड़कें जर्जर हो चुकी है, डामर या कांक्रीट उखड़ चुका है। वार्डवासी लगातार इनकी मरम्मत, नवनिर्माण की मांग कर रहे हैं लेकिन यह मांग सुनी नहीं जा रही है। कई सालों से यहां सड़कों का काम नहीं किया गया है।
नालियों का निर्माण बहुत जरूरी है। महापौर और आयुक्त के संज्ञान में विषय लाकर इस संबंध में प्रस्ताव भी सौंपा जा चुका है। सड़क, गार्डन, सामुदायिक भवन जैसी मांगों को लेकर नगर निगम को लेकर भी मांग रखी जा चुकी है। सड़कें तो लंबे समय से नहीं बनाई गई हैं। हम लगातार इस ओर निगम का ध्यानाकर्षण करा रहे हैं।
संगीता देवांगन, पार्षद