May 04, 2026


भौतिक और रसायन के प्रश्नों को हल करने जूझते रहे भावी डाक्टर्स

परीक्षा: नीट परीक्षा को लेकर परीक्षार्थियों में दिखा उत्साह, जीव विज्ञान के प्रश्न रहे सरल

राजनांदगांव: एमबीबीएस और बीडीएस कोर्स में प्रवेश के लिए होने वाली राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा(नीट) रविवार को शहर के छह केंद्रों में हुई। नीट-यूजी परीक्षा के लिए 1897 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सुबह 11 बजे से परीक्षा केंद्रों में प्रवेश का दौर शुरू हो गया था। कड़ी जांच के बाद परीक्षार्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्रों में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने बारीकी से जांच की। मेटल डिटेक्टर से जांच व प्रवेश पत्र और पहचान पत्र दिखाने के बाद ही प्रवेश दिया गया। वहीं गला-कान, पैर में पहनने आभूषण को बाहर ही निकाल दिया गया। परीक्षा में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान के 200 प्रश्न पूछे गए थे। जिसमें परीक्षार्थियों को 180 प्रश्नों को हल करना था। पूरे प्रश्न 720 अंक के थे। तीन घंटे की परीक्षा में भावी डाक्टराें को भौतिक-रसायन विज्ञान के प्रश्नों ने पूरी तरह से उलझाकर रख दिया। भौतिक-रसायन के प्रश्नों को हल करने के लिए भावी डाक्टर्स जूझते रहे। जीव विज्ञान के सरल प्रश्नों ने भावी डाक्टरों के चेहरे में मुस्कान बिखेर दी।

पसीने से तरबतर हुए परीक्षार्थी

केंद्रों में महिला-पुरुष परीक्षार्थियों की कड़ी जांच की गई। जांच के बाद ही केंद्रों में प्रवेश दिया गया। कई परीक्षार्थी अधूरे दस्तावेज के साथ पहुंचे थे, जिन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उपर से तेज गर्मी ने परीक्षा के उत्साह को किरकिरा कर दिया। रविवार को गर्मी ने परीक्षार्थियों को काफी परेशान किया। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी पसीने से तरबतर हो गए। कई केंद्रों में परीक्षार्थी पानी के लिए भी तरस गए। रविवार को तापमान करीब 41 डिग्री था। लेकिन डाक्टर बनने विद्यार्थियों में गजब की ललक देखने को मिली। परीक्षा केंद्र से निकलने के बाद परीक्षार्थियों के चेहरे में खुशी दिखी। कई परीक्षार्थियों ने क्वालीफाइड होने की भी बात कही।

 अधिकारियों ने देखी सुरक्षा व्यवस्था

उल्लेखनीय है कि नीट-यूजी परीक्षा के लिए जिला मुख्यालय राजनांदगांव में छह परीक्षा केन्द्र बनाएं गए थे। जिसमें स्वामी आत्मानंद सर्वेश्वर दास नगर पालिक निगम उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय एवं शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय में नीट(यूजी) शामिल है। प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार केंद्रों का निरीक्षण कर जायजा लेते रहे।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch