राजनांदगांव : मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में बीती रात सड़क हादसा टल गया, जब मक्का से भरी एक ट्रक छुरिया मंदिर के पास खाई में जा गिरी। घटना रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार ट्रक पखांजूर से मक्का लेकर राजनांदगांव की ओर जा रहा था। छुरिया मंदिर के पास चढ़ाई पर पहुंचने के बाद चालक ने वाहन रोकने का प्रयास किया, तभी अचानक ब्रेक फेल हो गया। इसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पीछे की ओर लुढ़कते हुए खाई में जा गिरा।
हादसा गंभीर था, लेकिन राहत की बात रही कि चालक और कंडक्टर को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई। ट्रक बारह चक्का बताई जा रही है, जो धीरज शील की है। सूचना मिलते ही मोहला पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। खाई में गिरी ट्रक से मक्का निकालने के लिए दूसरी ट्रक मंगाई गई है। अनलोडिंग के बाद क्रेन की मदद से ट्रक को बाहर निकालने की तैयारी की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छुरिया मंदिर के पास का यह चढ़ाव क्षेत्र पहले भी हादसों के लिए संवेदनशील रहा है। यहां भारी वाहनों के लिए विशेष सावधानी जरूरी है।