राजनांदगांव: सोमनी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 25 वर्षीय युवती इंदु साहू की मौके पर ही मृत्यु हो गई। इंदु सोमनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मेडिकल स्टोर में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत थीं। दुर्घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्राम ठेकवा निवासी इंदु साहू सुबह अपने भाई सौरभ साहू के साथ ड्यूटी के लिए सोमनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थीं। अस्पताल के समीप सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, टोल प्लाजा से टेड़ेसरा तक सड़क निर्माण और डामरीकरण का कार्य अशोका बिल्डकान द्वारा कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते सड़क के एक हिस्से की डामर परत हटा दी गई है, जिसके कारण पूरे यातायात को वन-वे व्यवस्था के तहत संचालित किया जा रहा है। निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम, चेतावनी संकेतक और ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्था नहीं की गई है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए लगातार दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों ने सड़क निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। लोगों ने जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद सोमनी पुलिस की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुर्घटनास्थल थाना परिसर से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित होने के बावजूद प्रारंभिक कानूनी कार्रवाई और पंचनामा प्रक्रिया शुरू करने में देरी हुई। युवा फार्मासिस्ट की असमय मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोग सड़क निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।