राजनांदगांव : छोटे शहरों के युवाओं ने बाडी बिल्डिंग के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। मोहला के हिमांशु सोनी ने गोवा में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की नेचुरल बाडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि मानपुर के निखिल कोरेटी ने अपनी पहली प्रतियोगिता में चौथा स्थान प्राप्त किया।
आइसीएन (आइ कांपिट नेचुरल) फेडरेशन की प्रतियोगिता 29 सितंबर से एक अक्टूबर 2026 तक गोवा में आयोजित हुई थी। इसमें हिमांशु ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच तीसरा स्थान हासिल किया। मोहला के एनएंडटी फिटफ्यूजन जिम में अभ्यास करने वाले हिमांशु पिछले तीन वर्षों से तैयारी कर रहे थे। उनकी सफलता में हरियाणा के अजय सिंधु के प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के साथ सुधांशु नीलेश भुआर्य और टिकेश ठाकुर का सहयोग रहा। इसी जिम से जुड़े मानपुर के निखिल कोरेटी ने बालोद में आयोजित आइबीएफएफ फेडरेशन की मिस्टर छत्तीसगढ़ 2026 प्रतियोगिता में चौथा स्थान हासिल किया। कोच अजय सिंधु के मार्गदर्शन में तैयारी कर रहे निखिल की यह पहली प्रतियोगिता थी। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि से मोहला-मानपुर क्षेत्र में उत्साह है।