November 04, 2026


स्टेट हाई स्कूल में युवा संवाद कार्यक्रम लोकतंत्र की मजबूती और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर हुई सार्थक चर्चा

संवैधानिक मर्यादाओं का सम्मान और जागरूक युवा ही सशक्त लोकतंत्र की पहचान : रवि सिन्हा

राजनांदगांव। स्टेट हाई स्कूल, राजनांदगांव में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में लोकतंत्र की मजबूती, संवैधानिक मर्यादाओं तथा वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में युवाओं की भूमिका पर सार्थक एवं विचारोत्तेजक चर्चा हुई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में श्री मुकेश बघेल एवं शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय के जनभागीदारी समिति अध्यक्ष एवं भाजपा पार्षद रवि सिन्हा उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य श्री माधव सिंह एवं श्री हेमंत साहू की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

इस अवसर पर रवि सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव और मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संविधान, कानून के शासन, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान पर आधारित व्यवस्था है। वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में युवाओं को लोकतंत्र और भीड़तंत्र के अंतर को समझना होगा। किसी भी विषय पर असहमति लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन हिंसा, अराजकता और दबाव की राजनीति लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राजनीतिक घटनाक्रमों को तथ्यों और विवेक के आधार पर समझें, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें तथा सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

मुख्य वक्ता श्री मुकेश बघेल ने भी युवाओं को लोकतांत्रिक परंपराओं, संवैधानिक दायित्वों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी जिज्ञासाएं एवं विचार रखे।

कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने कहा कि जागरूक युवा, सकारात्मक विचार और जिम्मेदार नागरिकता ही सशक्त लोकतंत्र एवं विकसित भारत की वास्तविक आधारशिला हैं।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch