राजनांदगांव : जिला साहू संघ की ओर से 22 नवंबर को युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियों के तहत विवाह योग्य युवक-युवतियों के बायोडाटा जमा करने की अंतिम तिथि 15 नवंबर निर्धारित की गई है।
जिला साहू संघ के अध्यक्ष नोबेल साहू ने समाज के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने विवाह योग्य बेटे-बेटियों का संपूर्ण बायोडाटा निर्धारित समय-सीमा में जिला साहू संघ कार्यालय में जमा कराएं। उन्होंने कहा कि परिचय सम्मेलन से युवाओं को एक मंच पर एक-दूसरे से परिचित होने और योग्य जीवनसाथी तलाशने का अवसर मिलेगा। साथ ही अभिभावकों को भी अपने बच्चों के लिए उपयुक्त रिश्ता तलाशने में सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के अवसर पर सामाजिक एवं सार्वजनिक विज्ञापन प्रकाशित कराने के इच्छुक लोग भी अपने विज्ञापन जमा कर सकते हैं। इसके लिए ग्रामीण साहू संघ, मंडल साहू संघ, तहसील साहू संघ अथवा जिला साहू संघ राजनांदगांव में संपर्क किया जा सकता है। नोबेल साहू ने समाज के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीण व शहरी इकाइयों से सम्मेलन की जानकारी अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने तथा समय पर बायोडाटा जमा कराने में सहयोग करने की अपील की है।