राजनांदगांव : शहर के बीच संचालित पान मसाला फैक्ट्री में मशीन की चपेट में आने से 35 वर्षीय मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पुलिस ने हादसे वाले कारखाने को सील कर दिया है। फैक्ट्री में कामकाज के दौरान हुए इस हादसे ने श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के रामदरबार चौक के समीप गणपति प्रोडक्ट्स नामक फैक्ट्री में पान मसाले का निर्माण किया जाता है। इसके संचालक रिषभ नाहटा हैं। यहां काम करने वाले मजदूर राजमणि प्रसाद (35) पिता अजय प्रसाद निवासी जिला नालंदा, बिहार का काम के दौरान हाथ मशीन में फंस गया था। गंभीर रूप से घायल मजदूर को मेडिकल कालेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
जांच के लिए कारखाना सील
हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर घटनाक्रम की जांच शुरू की। नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक कार्रवाई के तहत घटनास्थल कारखाने को सील कर दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों, मशीन की कार्यप्रणाली और कारखाने में श्रमिकों की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों की पड़ताल कर रही है। जांच में लापरवाही सामने आने पर संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।