November 02, 2026


राज्य स्तरीय योगासन चैंपियनशिप: दंतेवाड़ा के दो आरक्षकों ने जीता गोल्ड, जिले का बढ़ाया मान

दंतेवाड़ा। राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर सेक्टर-1 स्थित बुद्ध विहार, अंबेडकर भवन में 1 नवंबर को आयोजित चतुर्थ राज्य स्तरीय योगासन चैंपियनशिप 2026 में दंतेवाड़ा के दो जवानों ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है।

यह आयोजन भारतीय योग चिकित्सा केंद्र एवं भारतीय यूथ स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था।

प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग से 17वीं विशेष वाहिनी (भा./र.), जिला कबीरधाम के आरक्षक क्रमांक 359 गोरखनाथ यादव और महिला वर्ग से 20वीं बटालियन छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला महासमुंद की महिला आरक्षक क्रमांक 1128 सुभद्रा देवी ने शानदार संतुलन और कठिन योगासनों का प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। प्रदेश भर से आए प्रतिभागियों के बीच कड़े मुकाबले में दोनों ने निर्णायकों को प्रभावित कर प्रथम स्थान हासिल किया।

इस दोहरी सफलता पर जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन दंतेवाड़ा के अध्यक्ष बी.आर. साहू, महासचिव छबील कुमार साहू, कोषाध्यक्ष बी.एन. उईके, डायरेक्टर डॉक्टर मांडी सहित बैलाडीला योग समिति किरंदुल एवं शुभचिंतकों ने दोनों विजेताओं को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

पदाधिकारियों ने कहा कि दोनों जवानों का अनुशासन, परिश्रम और योग के प्रति समर्पण युवाओं और पुलिस बल के जवानों के लिए प्रेरणा है।

स्वर्ण पदक विजेता गोरखनाथ यादव ने कहा - "योग से ही संतुलन, अनुशासन और सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है।"



Advertisement

Tranding News

Get In Touch