April 28, 2024


रायपुर सिविल लाइन स्थित वृंदावन हाल में स्वरांजलि कार्यक्रम का आयोजन


रायपुर छत्तीसगढ़ के महान संगीतज्ञ संगीत महर्षि स्वर्गीय पं. मोहन भाई राठोड जिन्होंने अपने जीवन काल में अनवरत संगीत की सेवा करते हुए कई सफल कार्यक्रम, संगीत के साथ-साथ समाज सेवा, छत्तीसगढ़ तथा भारत के दृष्टिबाधित व्यक्तियों के लिए उल्लेखनीय कार्य, रायपुर में नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड के तत्वाधान में प्रेरणा दृष्टिबाधित महिला पुनर्वास केंद्र की स्थापना और साथ ही साथ कई मूर्धन्य शिष्यों को तैयार किया। गुरुजी का जन्म 6 मई 1941 को रायपुर में हुआ यह एक प्रतिष्ठित व्यापारी परिवार श्री कल्याण जी भाई राठोड तथा श्रीमती काशीवेन राठोड के सुपुत्र थे। संगीत महर्षि पं. मोहन भाई राठोड 22 दिसंबर 2023 को ब्रह्मलीन हो गए।पंडित जी के ब्रह्मलीन होने के पश्चात उनके सुपुत्र श्री जितेंद्र भाई तथा प्रमुख शिष्य श्री कांतिलाल बरलोटा, श्री अभिजीत जोशी, श्रीमती नीरजा चौहान, सुश्री मोऊ गुप्ता, श्रीमती मैत्री मजूमदार, श्रीमती सजला परमार, निशांत ठाकुर, श्री शुभमय मुखर्जी, श्री शांतनु भट्टाचार्य, सुश्री तेजल पटेल, मेघा खोडियार और अन्य शिष्यों ने मिलकर यह संकल्प किया कि गुरु जी के संगीत सेवा को अनवरत बनाए रखना है और उनकी स्मृति में रायपुर छत्तीसगढ़ से एक संगठित संघ के माध्यम से संगीत सेवा करना है।

इस श्रृंखला में कुछ प्रमुख कार्य तय किए गए जिसमें प्रतिवर्ष दो संगीत विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर हेतु स्कॉलरशिप दिया जाना, विशेष कर दृष्टि बाधित विद्यार्थियों को स्रातकोत्तर हेतु स्कॉलरशिप, शास्त्रीय संगीत का एक अनुष्ठान, प्रतिवर्ष संगीत की कार्यशाला तथा सेमिनार, छत्तीसगढ़ के वरिष्ठतम संगीतकार को पं. मोहन भाई राठोड संगीत सम्मान प्रदान करना जैसे अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जाएं ऐसा संकल्प लिया गया।

इस संगीत यज्ञ में आहुति देने के लिए स्वर्गीय पंडित मोहन भाई राठोड के सभी देश- विदेश के शिष्य तथा चिर परिचित जन एवं रायपुर के सभी संगीत सेवकों ने एक मत होकर अपना सहयोग दिया और यज्ञ में आहुति देने हेतु प्रण लिया। इस कारवा को आगे बढ़ाते हुए सभी शिष्यों ने आगामी 6 मई 2024 को सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में संध्या 7:00 बजे से स्वरांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया है जिसमें छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ संगीतज्ञ सितार वादक माननीय श्री सुधाकर शिवलीकर, भिलाई को पं. मोहन भाई राठोड संगीत सम्मान 2024 दिया जाना प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ के सभी वरिष्ठ संगीतज्ञ उपस्थित होंगे और पं. मोहन भाई राठोड को स्वरांजलि अर्पित करेंगे, जिसमें मुख्य रूप से पद्मश्री भारती बंधु जी, पद्मश्री मदन चौहान जी एवं पं. कीर्ती व्यास जी जैसे अन्य गुणीजनों ने आमंत्रण स्वीकार किया है। संगीत महर्षि को स्मरण तथा सदेव स्वरों में प्रयुक्त मन रखने के लिए 6 मई को ही प्रातः 9:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक पंडित जी के कंपोजिशंस/स्वर रचनाओं की रिकॉर्डिंग उच्च तकनीक तथा उच्च गुणवत्ता के साथ की जाएगी जिसे सोशल मीडिया में चैनल बनाकर प्रसारित किया जाएगा।

यह कार्यक्रम एक खुला मंच है और पंडित मोहन भाई राठोड संगीत सेवा संस्थान रायपुर के सभी गण्यमान्य नागरिकों से यह अनुरोध करता है कि कार्यक्रम में शिरकत करें और कार्यक्रम को सफल बनाने की इस संगीत यज्ञ में आहुति दें ।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch