रामकुमार गुप्ता आरंग : आदिवासी समाज का पारंपरिक एवं आस्था का महापर्व गौरा-गौरी महोत्सव आरंग के विभिन्न क्षेत्रों में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इसी कड़ी में नगर के वार्ड क्रमांक 16 बैहार में आदिवासी ध्रुव गोंड़ समाज एवं समस्त वार्डवासियों के संयुक्त तत्वावधान में 5 से 10 नवंबर तक गौरा-गौरी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
महोत्सव के अंतर्गत 5 नवंबर 2026 को फूल कुचरना, 8 नवंबर को चूलमाटी तथा 9 नवंबर को गौरा-गौरी निर्माण की पारंपरिक रस्म संपन्न होगी। इसी दिन रात्रि 9 बजे से करसा परघौनी के साथ गौरा-गौरी की भव्य बारात निकाली जाएगी। वहीं 10 नवंबर को सुबह 11 बजे विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गौरा-गौरी का विसर्जन किया जाएगा।
इस महोत्सव के माध्यम से समाज की समृद्ध लोक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता को सहेजने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन को लेकर समाज के लोगों एवं वार्डवासियों में विशेष उत्साह है।
कार्यक्रम का आयोजन आदिवासी ध्रुव गोंड़ समाज आरंग परिक्षेत्र के अध्यक्ष डोमन सिंह ध्रुव के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। आयोजन में मनहरण ध्रुव, अर्जुन ध्रुव, सीताराम, हेमलाल कुमार ध्रुव, चांदसिंह ध्रुव, अमर सिंह ध्रुव, भोला ध्रुव, मुकेश ध्रुव सहित समस्त वार्डवासी सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं।