डोंगरगढ़:नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे इन दिनों नगर क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से लगातार वार्डों का दौरा कर रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने गुरुवार को इंदिरा नगर एवं बीडी कॉलोनी का निरीक्षण कर क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने पेयजल आपूर्ति से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया। इस पर नपा अध्यक्ष ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि पानी की समस्या के समाधान के लिए जरूरी कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
रमन डोंगरे ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में जाकर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। जहां भी कोई समस्या सामने आती है, उसके निराकरण के लिए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की मंशानुरूप नगर में विशेष स्वच्छता अभियान भी संचालित किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
क्षेत्रवासियों ने नपा अध्यक्ष की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वार्डों में पहुंचकर समस्याओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण और उनके समाधान की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से लोगों का विश्वास बढ़ा है। नागरिकों ने उम्मीद जताई कि नगर की मूलभूत सुविधाओं में और अधिक सुधार होगा।