May 30, 2026


पंप खराब हुआ तो मेडिकल कालेज में सूख गए नल

राजनांदगांव: पेंड्री स्थित मेडिकल कालेज अस्पताल में शुक्रवार को एक मोटर पंप की खराबी ने पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था की कमजोरियां उजागर कर दीं। संपवेल से ओवरहेड टैंक तक पानी पहुंचाने वाला पंप बंद होते ही अस्पताल के वार्डों, शौचालयों और जरूरी सेवाओं में पानी की सप्लाई ठप हो गई। दिनभर मरीज, उनके स्वजनों और अस्पताल स्टाफ पानी के लिए परेशान होते रहे। हालांकि देर शाम व्यवस्था सुधार ली गई और जलापूर्ति शुरु कर दी गई।

शुक्रवार सुबह अचानक मोटर पंप में तकनीकी खराबी आने से ओवरहेड टैंक तक पानी नहीं पहुंच पाया। इसके बाद अस्पताल परिसर में लगे अधिकांश नलों में पानी आना बंद हो गया। सबसे ज्यादा परेशानी भर्ती मरीजों और उनके स्वजनों को उठानी पड़ी। वार्डों में निस्तारी से लेकर पीने के पानी तक की समस्या खड़ी हो गई। अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल मैकेनिकों को बुलाकर सुधार कार्य शुरू कराया, लेकिन तकनीकी खराबी दूर करने में पूरा दिन निकल गया। शाम को पंप सुधारने के बाद संपवेल से ओवरहेड टैंक में पानी भरा जा सका, जिसके बाद जलापूर्ति धीरे-धीरे सामान्य हुई।

एक ही संपवेल के भरोसे एमसीएच

मेडिकल कालेज अस्पताल जैसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान की पूरी जल व्यवस्था एक ही सिस्टम पर निर्भर है। पेंड्री क्षेत्र ड्राइ एरिया होने के कारण यहां बोरवेल पर्याप्त पानी नहीं दे पाते। वहीं शहर से दूर होने के चलते निगम की पाइपलाइन से सीधी सप्लाई भी संभव नहीं है। इसी वजह से अस्पताल परिसर में संपवेल बनाकर वहां पानी एकत्रित किया जाता है और मोटर पंप के जरिए ओवरहेड टैंक तक पहुंचाया जाता है।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch