राजनांदगांव: नेशनल हाईवे 930 पर ग्राम कहगांव के पास देर रात तेज रफ्तार हाइवा और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक हाइवा लेकर मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस की सक्रियता से कुछ ही देर में वाहन को पकड़ लिया गया।
जानकारी के अनुसार मरारटोला निवासी सूरज पटेल और गोपाल पटेल बाइक से बाजार से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कहगांव के पास सामने से आ रही हाइवा ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कालेज राजनांदगांव रेफर कर दिया गया।
इधर हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन (एमएच 04 ओटी 0631 ) लेकर फरार हो गया था। मानपुर थाना प्रभारी कपिल देव चंद्रा ने वायरलेस के माध्यम से आसपास के थानों को अलर्ट जारी किया। इसके बाद खड़गांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार हाइवा ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वाहन चालक से पूछताछ की जा रही है। परिजनों के पहुंचने के बाद एफआइआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।