September 17, 2026


जनसमस्याओं को लेकर गरजे ग्रामीण : जिला कार्यालय घेराव कर की जमकर नारेबाजी

डोंगरगढ़: क्षेत्र की लंबित जनसमस्याओं और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर डोंगरगढ़ विधानसभा में सियासी हलचल तेज हो गई। विधायक हर्षिता स्वामी बघेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क, सिंचाई, बिजली, खाद, शिक्षा सहित विभिन्न मूलभूत समस्याओं को लेकर शासन-प्रशासन के समक्ष जोरदार आवाज उठाई और समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की। कलेक्ट्रेट घेराव में डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। इनके कारण आम लोगों, किसानों और ग्रामीण परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय विकास और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

प्रमुख मांगों में खपरी सिरदार से ढारा मार्ग का निर्माण, प्रधानपाठ बैराज के क्षतिग्रस्त गेट की मरम्मत, मूढ़ीपार में नवीन महाविद्यालय के संचालन, ठेलकाडीह में संत गुरु घासीदास बाबा नवीन महाविद्यालय भवन का निर्माण तथा पुल-पुलिया निर्माण शामिल रहा। इसके अलावा किसानों के लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, शक्कर के दामों में बढ़ोतरी पर रोक लगाने, अघोषित बिजली कटौती बंद करने और खपत से अधिक बिजली बिल आने की समस्या का निराकरण करने की मांग भी उठाई गई। विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने ग्रामीणों और किसानों के साथ खड़े होकर उनकी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को केवल ज्ञापन तक सीमित नहीं रखा जा सकता। शासन-प्रशासन को जनहित से जुड़े मामलों पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ काम करते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।

जब तक समाधान नहीं, तब तक संघर्ष जारी रहेगा

विधायक ने प्रशासन से मांग की कि ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत मांगों और शिकायतों पर प्रत्येक विभाग ठोस कार्रवाई करे तथा आवेदकों को उनकी शिकायतों की प्रगति से अवगत कराया जाए। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी जायज मांगों को प्राथमिकता से उठाया जाएगा और जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होता, संघर्ष जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी समस्याओं को संगठित होकर सामने रखने की अपील की। इस दौरान जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष नवाज खान, जिला कांग्रेस कमेटी केसीजी अध्यक्ष कोमल साहू, ब्लाक कांग्रेस कमेटी मूढ़ीपार अध्यक्ष तेजराम वर्मा, वरिष्ठ कांग्रेसी उत्तम सिंह ठाकुर, दाऊ भुपेंद्र सिंह ठाकुर, रजभान लोधी, कमलेश्वर वर्मा व अन्य माैजूद रहे।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch