डोंगरगढ़ :- नगर के वार्ड क्रमांक-2 में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान के बाद वार्डवासियों के चेहरे खिल उठे हैं। गर्मी के मौसम में पानी की कमी से जूझने वाले क्षेत्र के लोगों ने राहत मिलने पर नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे एवं वार्ड पार्षद देवेंद्र साखरे का सम्मान कर आभार व्यक्त किया।
वार्डवासियों ने बताया कि पिछले कई वर्षों से गर्मी के दिनों में पेयजल संकट के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस बार नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक पहल की, जिसके परिणामस्वरूप वार्ड में पेयजल व्यवस्था में सुधार हुआ और लोगों को पानी के लिए भटकना नहीं पड़ा।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि समय पर किए गए प्रयासों के कारण इस वर्ष उन्हें पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़ा। इससे वार्ड के लोगों में संतोष और खुशी का माहौल है।
उल्लेखनीय है कि नगर में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे ने हाल ही में बधियाटोला पंप हाउस एवं पनियाजोब वाटर फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को सभी उपकरणों और संसाधनों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए थे, ताकि शहर में जलापूर्ति निर्बाध रूप से जारी रह सके।
वार्डवासियों द्वारा आयोजित सम्मान कार्यक्रम में अजय देवगन, सत्यम राव, शशि मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लोगों ने नगर पालिका द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह जनसमस्याओं के समाधान की अपेक्षा जताई।