राजनांदगांव: तंत्र-मंत्र के जरिए पैसों की बारिश कराने और रकम दोगुनी करने का झांसा देकर महिला से 10 हजार रुपये की ठगी और छेड़छाड़ करने के मामले में बोरतलाव पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान बरनाराकला निवासी तन्ने खान (60) और बैगाटोला निवासी राधेलाल उइके (63) के रूप में हुई है। पुलिस ने ठगी की रकम बरामद कर दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, बैगाटोला निवासी राधेलाल उइके ने महिला को रकम दोगुनी करने का झांसा देकर अपने घर बुलाया था। महिला अपने परिचितों के साथ वहां पहुंची, जहां राधेलाल ने बरनाराकला निवासी तन्ने खान को बुलाया। आरोप है कि तन्ने खान महिला को दूसरे कमरे में ले गया और 10 हजार रुपये दोगुने करने के नाम पर ले लिए। इसके बाद उसने कहा कि रकम तभी दोगुनी होगी, जब महिला पर देवी आएगी।
आरोप है कि तन्ने खान ने देवी को बुलाने के बहाने महिला पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला और उसका हाथ पकड़कर छेड़छाड़ करने लगा। महिला ने विरोध किया तो दोनों आरोपित वहां से फरार हो गए। इसके बाद पीड़िता ने बोरतलाव थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने महिला से ठगी गई 10 हजार रुपये की रकम भी बरामद कर ली है। न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया गया।