राजनांदगांव : दीपावली पर पटाखा दुकानों के संचालन की तैयारी शुरू हो गई है। नगर निगम ने म्युनिसिपल स्कूल मैदान में दुकान लगाने के लिए लाटरी के माध्यम से 92 लाइसेंसी पटाखा कारोबारियों को अस्थायी भूखंड आवंटित किए। इससे निगम को चार लाख 46 हजार 200 रुपये की आय हुई है।
महापौर मधुसूदन यादव के निर्देश पर शुक्रवार को निगम सभागृह में आयुक्त जीआर मरकाम की उपस्थिति में आवंटन प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान सभी 92 आवेदक कारोबारियों को लाटरी के माध्यम से भूखंड आवंटित किए गए। आयुक्त मरकाम ने कहा कि आवंटन प्रक्रिया नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से पूरी की गई है। इस वर्ष आवंटन शुल्क में 10 प्रतिशत के स्थान पर पांच प्रतिशत की वृद्धि की गई है। उन्होंने कारोबारियों को शासन की सुरक्षा गाइडलाइन का पालन करने और प्रत्येक दुकान में अग्निशमन उपकरण अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए।
राजस्व अधिकारी मोबिन अली ने बताया कि इस वर्ष पटाखा दुकान लगाने के लिए 92 आवेदन मिले थे। सभी लाइसेंसी कारोबारियों ने प्रति दुकान 4850 रुपये की दर से आवंटन शुल्क जमा किया है। इससे निगम को कुल चार लाख 46 हजार 200 रुपये की आय हुई है। इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा, सहायक राजस्व अधिकारी हितेश ठाकुर, राजस्व विभाग के कर्मचारी और पटाखा कारोबारी उपस्थित थे।