August 30, 2026


रक्षा में फैशन का तड़का कश्मीरी वाच और एलईडी राखियों पर टिकी नजर

राजनांदगांव: राजनांदगांवथ रक्षाबंधन को लेकर बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। 28 अगस्त को मनाए जाने वाले भाई-बहन के प्रेम और विश्वास के पर्व के लिए शहर की दुकानों में राखियों की एक से बढ़कर एक वैरायटी सज गई है। इस बार जहां कश्मीरी राखी, रेशम की डोरी और स्टोन वाली राखियों की मांग है, वहीं बच्चों के लिए कार्टून, एलईडी, स्पिनर, स्पंज और खिलौने वाली राखियां विशेष आकर्षण बनी हुई हैं। बच्चों की पसंद को ध्यान में रखते हुए बाजार में 10 से 30 तक की राखियों की भरपूर रेंज उपलब्ध है। बाजार में इस बार नई कश्मीरी राखी वाच भी पहुंची है। यह सामान्य राखी के साथ ब्रेसलेट और कंगन की तरह दिखाई देती है। बहनें इसे अपनी भाभियों को उपहार के रूप में देने के लिए पसंद कर रही हैं। इसके अलावा स्टोन वर्क और रेशम की डोरी वाली राखियों की भी मांग देखी जा रही है। बच्चों के लिए राखियों में इस बार पसंदीदा कार्टून और सुपरहीरो किरदारों की लंबी रेंज है। डोरेमान, पोकीमान, मोटू-पतलू, स्पाइडर-मैन, छोटा भीम, मिकी माउस, बैटमैन, हल्क और आयरन मैन जैसे किरदारों वाली राखियां बच्चों को आकर्षित कर रही हैं। इनके अलावा गणेश जी, हनुमान जी, भोलेनाथ और भगवान राम की तस्वीर वाली लाइट और स्पिनर राखियां भी उपलब्ध हैं।

 मनोरंजन के साथ आकर्षण

बच्चों की राखियों में मनोरंजन का भी खास ध्यान रखा गया है। स्पिनर वाली, लाइट वाली, स्पंज वाली और खिलौने वाली राखियां बच्चों के बीच पसंद की जा रही हैं। इनमें कुछ राखियां ऐसी हैं जिन्हें बांधने के बाद बच्चे खिलौने की तरह भी इस्तेमाल कर सकते हैं। बाजार में बच्चों की राखियां 10 से शुरू होकर करीब 30 तक में उपलब्ध हैं। स्पंज वाली राखी करीब 10, डोरेमान वाली 10, खिलौने वाली लाइट राखी 10, ब्रेसलेट वाली लाइट राखी करीब 20, कार्टून वाली 20 और स्पाइडर-मैन व स्पिनर वाली राखियां करीब 25 में मिल रही हैं। व्यापारी रवि गढ़ेवाल, शुभम जगने ने बताया कि बच्चों वाली राखियों की खासियत यह है कि इनमें राखी के साथ मनोरंजन का भी आकर्षण जुड़ा है।

फैंसी आरती थाली भी बनी पसंद

राखी बांधते समय भाई की आरती के लिए बाजार में फैंसी आरती थालियों की भी कई डिजाइन आई हैं। सजावटी थालियों में रोली, अक्षत, दीपक और राखी रखने की व्यवस्था है। इनकी भी ग्राहकों के बीच मांग देखी जा रही है। मौसम को देखते हुए फिलहाल राखी बाजार का कारोबार उम्मीद के मुताबिक ठीक-ठाक बताया जा रहा है। पर्व नजदीक आने के साथ बाजार में भीड़ और खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है। खास बात यह है कि इस बार सामान्य राखियों की कीमतों में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। कश्मीरी वाच से लेकर एलईडी और कार्टून राखियों तक की नई वैरायटी ने रक्षाबंधन की खरीदारी को इस बार और रंगीन बना दिया है।

राखी बुकिंग और वितरण के लिए आज खुलें रहेंगे सभी डाकघर

रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए राजनांदगांव संभाग के सभी डाकघर रविवार को विशेष रूप से खुले रहेंगे। अधीक्षक डाकघर राजनांदगांव के आदेशानुसार इस दिन डाकघरों में केवल राखी की बुकिंग एवं वितरण का कार्य किया जाएगा। राखी पर्व के अवसर पर लोगों को समय पर राखी भेजने और प्राप्त करने में सुविधा हो, इसे ध्यान में रखते हुए डाक विभाग ने यह विशेष व्यवस्था की है। संभाग के सभी संबंधित डाकघरों में रविवार को राखी से संबंधित बुकिंग और वितरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। डाक विभाग ने राखी भेजने वाले लोगों से निर्धारित समय का ध्यान रखते हुए डाकघर पहुंचकर बुकिंग कराने की अपील की है, ताकि राखियां समय पर गंतव्य तक पहुंचाई जा सकें।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch