राजनांदगांव :- आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में आयोजित बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, एसडीएम गौतम पाटिल, नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो और उप पुलिस अधीक्षक के.पी. मरकाम मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्ग, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि वक्फ बोर्ड के निर्देशानुसार मुहर्रम के दौरान डीजे, धुमाल, बैंड-बाजा, नाच-गाना और आतिशबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा शेर या अन्य किसी प्रकार का स्वांग धारण कर नृत्य, प्रदर्शन तथा गैर-पारंपरिक गतिविधियों के आयोजन की भी अनुमति नहीं होगी।
अधिकारियों ने आयोजन समितियों और समाज के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे शांति, अनुशासन और भाईचारे के साथ पर्व मनाएं तथा शासन-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। साथ ही चेतावनी दी गई कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शहर में सार्वजनिक उद्घोषणा कर लोगों को शेर या अन्य स्वांग धारण नहीं करने के संबंध में जागरूक किया जाएगा। समाज के प्रतिनिधियों ने भी स्पष्ट किया कि ऐसे किसी भी कृत्य के लिए समाज जिम्मेदार नहीं होगा।
प्रशासन ने जिलेवासियों से अफवाहों से दूर रहने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।