डोंगरगढ़ :- जनपद पंचायत डोंगरगढ़ अंतर्गत सरपंच संघ ने सरपंचों की बैठक एवं संगठनात्मक गतिविधियों के लिए भवन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जनपद पंचायत को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में सरपंच संघ ने बताया कि पूर्व में पुराने जनपद पंचायत भवन परिसर में सरपंचों की बैठक व्यवस्था एवं संघ के कार्यक्रमों के संचालन के लिए सरपंच सदन का निर्माण कराया गया था। बावजूद इसके अब तक उक्त भवन सरपंच संघ को उपयोग के लिए नहीं सौंपा गया है, जिससे सरपंचों को बैठकों एवं विभिन्न आयोजनों के लिए असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
संघ पदाधिकारियों ने मांग की कि पुराने जनपद पंचायत भवन में निर्मित सरपंच सदन को शीघ्र सरपंच संघ डोंगरगढ़ को आवंटित किया जाए, ताकि सरपंचों की बैठकों एवं संगठनात्मक गतिविधियों का संचालन सुचारु रूप से हो सके।
इस अवसर पर सरपंच संघ अध्यक्ष कमलेश वर्मा, संजय उईके, माणिक वर्मा, ओमप्रकाश लिल्हारे, उमा धुर्वे, प्रीति साहू, नीता टेंबुरकर सहित अन्य सरपंच एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सरपंच संघ ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए भवन उपलब्ध कराएगा।