November 03, 2026


माडल सिटी और इंडस्ट्रियल हब से मिलेगी नई पहचान

0 छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद संस्कारधानी ने शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य समेत सभी क्षेत्रों में लगाई छलांग

राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। एक नवंबर 2000 को अस्तित्व में आए नए राज्य के साथ ही 'संस्कारधानी' राजनांदगांव ने विकास की एक लंबी और गौरवशाली यात्रा तय की है। बीते 26 वर्षों में सिर्फ अपनी समृद्ध सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह छत्तीसगढ़ के अग्रणी औद्योगिक, शैक्षणिक, और खेल केंद्रों में शुमार हो चुका है। वर्तमान में 1,000 करोड़ के विशेष बजट प्रविधानों के साथ जिले को एक अत्याधुनिक 'माडल सिटी' के रूप में तराशा जा रहा है। साथ ही घुमका, पटेवा और सोमनी क्षेत्र में प्रस्तावित नई औद्योगिक इकाइयों से जिले को हाई-टेक इंडस्ट्रियल हब के रूप में भी नई पहचान मिलने जा रही है। साथ ही ग्राम बिजेतला में स्थापित हो रहा प्रदेश का पहला स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर राजनांदगांव के औद्योगिक इतिहास में मील का पत्थर साबित होने जा रहा है। राज्य गठन के समय लघु कृषि-आधारित उद्योगों पर निर्भर रहने वाला राजनांदगांव आज हाई-टेक इंडस्ट्रियल हब बन रहा है। ग्राम पटेवा में 350 करोड़ रुपये की लागत से इलेक्ट्रानिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर का विकास किया जा रहा है, जिससे लगभग तीन हजार करोड़ रुपये के निवेश और 9,000 रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। विकास में बाधा रहा माओवाद से मुक्ति ने अब विकास का रास्ता एकदम साफ कर दिया है।

0 नेशनल हाईवे से लेकर 'अमृत स्टेशन' तक 

कनेक्टिविटी के मामले में बीते ढाई दशकों में राजनांदगांव ने अपनी रणनीतिक स्थिति का पूरा फायदा उठाया है। चतुष्कोणीय रेल और सड़क जा के रूप में: मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग पर स्थित राजनांदगांव में चौथी रेल लाइन की शुरुआत और डोंगरगढ़ से कटघोरा तक नई रेल लाइन की स्वीकृति ने व्यापार को नई रफ्तार दी है। अमृत भारत स्टेशन: राजनांदगांव और डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशनों को अत्याधुनिक 'माडल एवं अमृत स्टेशनों' के रूप में अपग्रेड किया जा रहा है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने के लिए लगातार फ्लाईओवर, ओवरब्रिज और करोड़ों के सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट पूरे किए जा रहे हैं।

0 खेल और संस्कृति में अंतरराष्ट्रीय पहचान 

हाकी की नर्सरी राजनांदगांव में राज्य गठन के बाद, साल 2014 में यहां अंतरराष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हाकी स्टेडियम की सौगात मिली। हाल ही में दिग्विजय स्टेडियम और हाकी स्टेडियम में अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए 14.80 करोड़ रुपये के नए प्रविधान किए गए हैं। नया ब्लू टर्फ लगाने का काम चल रहा है। साथ ही शहर में 15.92 करोड़ रुपये की लागत से 2,000 सीटर प्रदेश का सबसे बड़ा अत्याधुनिक आडिटोरियम बनकर तैयार हो रहा है, जो सांस्कृतिक गतिविधियों का मुख्य केंद्र बनेगा।

स्वास्थ्य और शिक्षा का समृद्ध विस्तार 

राजनांदगांव में शासकीय मेडिकल कालेज (भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति चिकित्सालय) की स्थापना से जिले सहित कवर्धा, कांकेर और मानपुर-मोहला तक के मरीजों को उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। जिला अस्पताल परिसर में मातृ-शिशु अस्पताल, डायलिसिस सुविधा के साथ मशीनी सुविधाएं और वनांचल के मानपुर में अटल टेकरिंग लैब स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उपयोगी साबित हो रहे हैं। साथ ही नए उप, प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से गांवों के अंतिम छोर तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंची है। आने वाले दिनों में मेडिकल कालेज में एमआरआइ, ट्रामा सेंटर, आइसीसीयू जैसी आधुनिका चिकित्सा सुविधा भी मिलने लगेगी। उच्च शिक्षा के स्तर में भी व्यापक सुधार हुआ है।

जल संरक्षण में रोशन किया नाम

कैच द रेन अभियान में जिला अव्वल नंबर पर है। जल संरक्षण के मामले में राजनांदगांव ने देश स्तर पर मिसाल पेश की है। जिले के 662 गांवों में 60 हजार से अधिक जल संरक्षण ढांचे बनाकर भूजल स्तर में औसतन 2.04 मीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके लिए गत वर्ष जिले को दो जल सम्मान भी मिले हैं। साथ ही शहर की जीवनदायिनी शिवनाथ नदी के संवर्धन के लिए 250 करोड़ रुपये की योजनाएं और बूढ़ा सागर व रानी सागर तालाबों के पुनर्विकास के लिए 14 करोड़ रुपये की विकास योजनाएं प्रगति पर हैं।

अटल जी का सपना पूरा किया 

जिन जनाकांक्षाओं के साथ श्रद्धेय अटल विहारी बाजपेयी जी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया, भाजपा ने उसी के अनुरूप राज्य को प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ाया। अधोसंरचना हो या सुविधाएं, शिक्षा हो या खेल, संस्कृति और परंपरा समेत प्रत्येक क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने नई गाथा लिखी। मोदी और साय के नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार आने वाले दिनों में इसी द्रुत गति से राज्य को विकास के नए शिखर तक पहुंचाएगी।

मधुसूदन यादव, महापौर



Advertisement

Tranding News

Get In Touch