राजनांदगांव: नंदई चौक के कोठार पारा स्थित श्री रामदेव काटन सेंटर में शनिवार शाम आग लगने से अफरातफरी मच गई। वार्ड 48 में स्थित सेंटर में शाम करीब चार बजे आग भड़की। घटना में एक महिला घायल हो गई, जिसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। काटन सेंटर के संचालक महेंद्र सुराना बताए गए हैं। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी नहीं किया जा सका है।