राजनांदगांव: क्वांर नवरात्र में ग्राम जोरातराई स्थित मनगटा जंगल के प्रसिद्ध पहाड़ी पाठ बाबा धाम में श्रद्धा और भक्ति का सैलाब उमड़ रहा है। जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर घने जंगलों के बीच स्थित इस देवस्थल में पंचमी से प्रतिदिन भोजन भंडारा आयोजित किया जा रहा है। दूर-दराज से पहुंच रहे श्रद्धालु दर्शन-पूजन के साथ प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं। मंदिर में 11 अक्टूबर को ज्योति कलश स्थापना के साथ नवरात्रि पर्व का शुभारंभ हुआ। इस वर्ष घी और तेल के कुल 300 ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। माता मंदिर सहित विभिन्न देवी-देवताओं के दर्शन के लिए भक्त पहुंच रहे हैं और मनोकामना दीप प्रज्वलित कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
प्राकृतिक वातावरण के बीच स्थापित बाबा महाकाल की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र है। प्रतिमा के शीश से बहती जलधारा की मधुर ध्वनि भक्तों को आध्यात्मिक अनुभूति कराती है। मान्यता है कि यहां मुंडी पेड़ के नीचे भगवान भोलेनाथ स्वयंभू रूप में प्रकट हुए थे। पहाड़ी पाठ देवस्थल उत्थान समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच संतोष कुमार साहू ने बताया कि 19 अक्टूबर को महाअष्टमी हवन और शाम से पहले दोपहर चार बजे पूर्णाहुति, जबकि 20 अक्टूबर को सुबह नौ बजे ज्योति-जवारा विसर्जन होगा।