September 18, 2026


विकसित भारत के संकल्प के साथ बच्चों को मिला न्योता भोज

सेवा समर्पण अभियान से प्रेरित होकर समाजसेवी बृजेश अग्रवाल ने 135 विद्यार्थियों को कराया न्योता भोज

आरंग। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संकुल खमतराई के शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय गुखेरा में विकसित भारत 2047 के संकल्प को लेकर विविध रचनात्मक एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने ड्राइंग, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कल्पनाओं एवं विचारों के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना को प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका, देश के भविष्य तथा शिक्षा के महत्व को लेकर विभिन्न विचार प्रस्तुत किए। बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया।

सेवा समर्पण जनभागीदारी अभियान से प्रेरित होकर आरंग सोनू पुस्तक भंडार के संचालक, व्यवसायी एवं समाजसेवी बृजेश अग्रवाल ने विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए न्योता भोज का आयोजन कराया। उनके सौजन्य से विद्यालय के 135 विद्यार्थियों को खीर और पूरी का भोजन कराया गया। स्वादिष्ट भोजन पाकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने बृजेश अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर समाजसेवी बृजेश अग्रवाल की ओर से विद्यालय के शिक्षकों के सम्मान में लेखनी (पेन) उपहार भी भिजवाए गए। शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की जनभागीदारी से विद्यार्थियों में सामाजिक सहभागिता, सेवा भावना और आपसी सहयोग की भावना मजबूत होती है।

कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि पुरुषोत्तम सोनवानी, शाला विकास समिति अध्यक्ष रेखराज देवांगन, उपसरपंच घासी राम कुर्रे एवं पंचगण ने विद्यालय में आयोजित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों की प्रतिभा और सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।

इस आयोजन को सफल बनाने में शालेय परिवार से अरविंद वैष्णव, के.के. साहू, रामनारायण कन्नौजे, नोहर लाल यादव, विमला चौहान, घनश्याम साहू, फातिमा जांगड़े सहित मध्यान्ह भोजन स्व-सहायता समूह की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के प्रति जागरूकता के साथ-साथ सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया। जनभागीदारी से आयोजित न्योता भोज ने बच्चों के बीच आत्मीयता और उत्साह का वातावरण बना दिया।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch