September 18, 2026


आरंग के राधाकृष्ण मंदिर में 19 सितंबर को धूमधाम से मनाई जाएगी राधाष्टमी

दुग्धाभिषेक, विशेष पूजन, महाआरती व भजन कार्यक्रम में श्रद्धालु होंगे शामिल

रामकुमार गुप्ता आरंग। राधारानी के प्राकट्य पर्व राधाष्टमी के पावन अवसर पर आरंग स्थित राधाकृष्ण मंदिर में 19 सितंबर 2026, शनिवार को विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर में भगवान श्री राधाकृष्ण की विशेष पूजा-अर्चना के साथ दुग्धाभिषेक, महाआरती, प्रसाद वितरण तथा भजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

आयोजन के अनुसार सुबह 10.30 बजे से राधारानी का दुग्धाभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात तीन आचार्यों द्वारा विशेष पूजन-अर्चन संपन्न कराया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए दोपहर 12 बजे महाआरती का आयोजन होगा, जिसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।

धार्मिक कार्यक्रमों की कड़ी में दोपहर 3 बजे से भजन कार्यक्रम आयोजित होगा। भजन-कीर्तन के माध्यम से राधारानी एवं श्रीकृष्ण की भक्ति और महिमा का गुणगान किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में विशेष सजावट की गई है। मंदिर को फूलों, आकर्षक विद्युत सज्जा तथा धार्मिक प्रतीकों से सजाया जा रहा है।

राधाष्टमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से सपरिवार मंदिर पहुंचकर श्री राधाकृष्ण के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

राधाष्टमी भगवान श्रीकृष्ण की प्रिय राधारानी के प्राकट्य दिवस के रूप में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जाती है। इस दिन राधा-कृष्ण की संयुक्त आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। आरंग के राधाकृष्ण मंदिर में आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन से नगर में भक्तिमय वातावरण बनने की उम्मीद है।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch