September 18, 2026


आरंग में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया श्री बलदेव जन्मोत्सव

श्री रेवती-बलदाऊ जी को अर्पित किया गया भव्य छप्पन भोग, भजन-कीर्तन में झूमे श्रद्धालु

आरंग। आरंग के ऐतिहासिक श्री रेवती बलदाऊ मंदिर, ब्राह्मण पारा में गुरुवार, 17 सितंबर 2026 को भाद्र शुक्ल षष्ठी, संवत 2083 के पावन अवसर पर श्री बलदेव जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्री बलदाऊ जी एवं माता रेवती जी का विशेष पूजन-अभिषेक कर भव्य छप्पन भोग अर्पित किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

जन्मोत्सव के अवसर पर प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक विद्वान आचार्यों के मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री रेवती-बलदाऊ जी का अभिषेक एवं विशेष पूजन-अनुष्ठान संपन्न हुआ। मुख्य यजमान रमेश कुमार सोनी सपत्नीक सपरिवार उपस्थित हुए और सर्वजन कल्याण की कामना के साथ संकल्प लेकर पूजा-अभिषेक में शामिल हुए। यह धार्मिक अनुष्ठान आचार्य ध्रुव कुमार शुक्ला एवं राजेश शर्मा के पौरोहित्य में विधि-विधान से संपन्न कराया गया। इस अवसर पर द्वारकानी परिवार द्वारा पृथक रूप से भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया।

इसके पश्चात दोपहर 12 बजे से 12:30 बजे तक भगवान श्री रेवती-बलदाऊ जी का दिव्य श्रृंगार, महाआरती एवं छप्पन भोग अर्पण का कार्यक्रम हुआ। मंदिर परिसर में इस दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा। भगवान के मनोहारी श्रृंगार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और महाआरती में भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जन्मोत्सव के क्रम में दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक सुमधुर भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। हेमंत गुप्ता, मुरारी लोधी, रमण जलक्षत्री, तेजराम जलक्षत्री, गजानंद, रूपेश एवं उनके साथियों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजन-कीर्तन के दौरान श्रद्धालु भगवान श्री बलदाऊ जी की भक्ति में भाव-विभोर नजर आए। कार्यक्रम के पश्चात सभी श्रद्धालुओं को महाप्रसादी का वितरण किया गया।

आयोजन में राधाकृष्ण संस्कृत पाठशाला के आचार्यों एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय सहयोग किया तथा पूजा-अनुष्ठान में शामिल होकर अपनी सहभागिता निभाई। वहीं अग्रसेन योगासन शाखा के सदस्यों द्वारा महाआरती की व्यवस्था की गई। शाखा के सदस्यों ने पूरे कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।

श्री बलदेव जन्मोत्सव के अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। इनमें घनश्याम दास डागा, गोपी दास डागा, संतोष अग्रवाल, शांतनु शर्मा,अशोक ठाकुर, सावन शुक्ला, अनिल शुक्ला एवं योगेंद्र योगी सहित अनेक श्रद्धालु शामिल रहे। सभी ने भगवान श्री रेवती-बलदाऊ जी की पूजा-अर्चना एवं अभिषेक में भाग लेकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। धार्मिक अनुष्ठान, दिव्य श्रृंगार, महाआरती, छप्पन भोग एवं भजन-कीर्तन ने जन्मोत्सव को विशेष बना दिया।

आयोजक श्री गोपाल संस्कृत प्रचारिणी सभा, रेवती रमण मंदिर ट्रस्ट, आरंग के सदस्यगण ने आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी श्रद्धालुओं, आचार्यों, विद्यार्थियों, भजन मंडली एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी को धन्यवाद दिया।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch