August 30, 2026


तीरंदाजी के चार खिलाड़ियों ने पाया अकादमी में स्थान

राजनांदगांव: गांव के खेल मैदान से निकली मेहनत अब बड़े मंच तक पहुंचने लगी है। जंगलपुर में पिछले तीन वर्षों से संचालित निश्शुल्क तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र के चार खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए रायपुर स्थित आवासीय खेल अकादमी (तीरंदाजी) में चयन हासिल किया है। हाल ही में आयोजित चयन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद खिलाड़ियों का चयन हुआ, जिससे जंगलपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। चयनित खिलाड़ियों में रामपुर निवासी ओजल यादव और मिष्ठी सिन्हा तथा जंगलपुर निवासी कुमकुम साहू और नीलम सिन्हा शामिल हैं। ग्रामीण परिवेश में सीमित संसाधनों के बीच नियमित अभ्यास कर इन खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा को निखारा और अब उन्हें बेहतर प्रशिक्षण व सुविधाओं के लिए रायपुर की आवासीय खेल अकादमी में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

 आइबी ग्रुप ने बढ़ाया सहयोग का हाथ

ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आइबी ग्रुप ने जंगलपुर स्थित तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र को आर्थिक सहयोग दिया है। इस सहयोग से खिलाड़ियों के लिए आधुनिक खेल सामग्री, बेहतर प्रशिक्षण सुविधाओं और राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारियों में मदद मिलेगी। आइबी ग्रुप की ओर से कहा गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही मंच और संसाधन उपलब्ध कराने की है। वहीं प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षकों ने सहयोग के लिए आईबी ग्रुप का आभार जताते हुए कहा कि इससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ेगा।

तीन साल से निश्शुल्क प्रशिक्षण

शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला जंगलपुर के खेल मैदान में पिछले तीन वर्षों से निश्शुल्क तीरंदाजी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। एनआईएस कोच राहुल साहू, कुशल रजक और कोच भोपेन्द्र सिन्हा खिलाड़ियों को तीरंदाजी की तकनीक के साथ अनुशासन, खेल भावना और सकारात्मक जीवनशैली का प्रशिक्षण भी दे रहे हैं। प्रशिक्षण केंद्र का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ उन्हें नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखना तथा क्षेत्र में मजबूत खेल संस्कृति विकसित करना है।

सफलता पर क्षेत्र में उत्साह

चारों खिलाड़ियों के चयन पर शाला विकास समिति अध्यक्ष चंदू साहू, प्राचार्य चीतेन्द्र वर्मा, पीटीआई शिक्षक मनीष पांडे, व्याख्याता पुनाराम यादव, सुरेंद्र साहू, जंगलपुर सरपंच भूपेंद्र साहू, रामपुर सरपंच सतीश सिंह, डोंगरगांव जनपद उपाध्यक्ष मनीष साहू, जानी वॉकर सहित ग्रामवासियों और खेल संघ के सदस्यों ने हर्ष जताया। सभी ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch