राजनांदगांव: सोमनी थाना क्षेत्र में पति की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित पत्नी को गिरफ्तार किया है। घरेलू विवाद के दौरान पत्नी ने पति का गला दबा दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। लंबी जांच के बाद आरोैपी महिला को जेलभेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम अंजोरा निवासी तामेश्वर पारकर और उसकी पत्नी लक्ष्मी बाई के बीच 27 जुलाई 2025 को काम पर जाने और पैसे को लेकर विवाद हुआ था। फिर पत्नी बिना बताए काम पर चली गई थी। जब पति घर लौटा तो इसी बात पर दोनों के बीच फिर झगड़ा शुरू हो गया। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट हुई। इसी दौरान लक्ष्मी बाई ने हाथ और नाखून से चोट पहुंचाई तथा गला दबा दिया। गंभीर हालत में मेडिकल कालेज अस्पताल से अंबेडकर अस्पताल रायपुर रेफर किया गया था। वहां हां उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोट के निशान और मौत का कारण हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने आरोपित पत्नी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। केस डायरी सोमनी थाने आने के बाद टीम ने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।