June 13, 2026


पुरुषोत्तम मास में श्रीमद्भागवत कथा से भक्तिमय हुआ गंडई आदर्श महिला समिति कर रही आयोजन

गंडई :- पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर नगर गंडई में आदर्श महिला समिति के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया है। 7 जून से 14 जून तक आयोजित इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का श्रवण कर रहे हैं।

हिंदू धर्म में अत्यंत पुण्यदायी माने जाने वाले पुरुषोत्तम मास में भगवान विष्णु की विशेष आराधना, व्रत, पूजन और दान-पुण्य का विशेष महत्व माना जाता है। इसी उद्देश्य से नगर की महिलाओं ने मिलकर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया है। आयोजन को सफल बनाने में श्रीमती विजयरानी अग्रवाल, श्रीमती लता तिवारी, श्रीमती सुभद्रा चंदेल, श्रीमती रागनी तिवारी, श्रीमती महालक्ष्मी ताम्रकार, श्रीमती माला सेन, श्रीमती प्रियंका गुप्ता, श्रीमती ममता राजपूत, श्रीमती मनोरमा वैष्णव, श्रीमती ज्योति मिश्रा, श्रीमती मंदाकिनी साहू, श्रीमती यात्री पड़वार एवं श्रीमती सविता ठाकुर विशेष रूप से सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

कथा स्थल पर भजन-कीर्तन और भगवान के गुणगान से श्रद्धालु भाव-विभोर हो रहे हैं। कथा के माध्यम से धर्म, भक्ति, सदाचार, मानव कल्याण और सामाजिक समरसता का संदेश दिया जा रहा है।

इस अवसर पर समाजसेवी पवन अग्रवाल, नारायण शर्मा, राजा ठाकुर, दीपक भट्ट, दिनेश बेस एवं राजकुमार गोसाई सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने कथा में सहभागिता करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण से मन को शांति मिलती है तथा जीवन में सकारात्मक सोच और धार्मिक संस्कारों का विकास होता है। उन्होंने प्रेम, सद्भाव और सभी धर्मों के सम्मान का संदेश भी दिया।

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण विशेष पुण्यदायी माना गया है। इससे व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार होता है। कथा में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

कथा का समापन 14 जून को पूर्णाहुति, महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ होगा। नगरवासियों का कहना है कि इस आयोजन से गंडई में आध्यात्मिक चेतना का वातावरण निर्मित हुआ है और लोगों को धर्म एवं संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch