रामकुमार गुप्ता आरंग : आरंग युवा एवं खेल संगठन द्वारा संचालित आरंग क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित ब्लॉक स्तरीय इंटर स्कूल क्रिकेट चैंपियनशिप सीजन-1 का अंतिम लीग मुकाबला सृजन सोनकर स्कूल आरंग और गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल आरंग के बीच खेला गया। रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में सृजन सोनकर स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल को 9 रनों से पराजित कर सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की। मैच में गेंद और बल्ले दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले तौसीफ चौहान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मुकाबले में गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल आरंग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सृजन सोनकर स्कूल की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाए। टीम की ओर से तामेश ने 36 रन, तौसीफ चौहान ने 19 रन और दक्ष जोशी ने 14 रनों का योगदान दिया। गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल की ओर से मोनिस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि अरमान, चिन्मय और मान ने 1-1 विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए 102 रन पर सिमटी गांधी इंग्लिश मीडियम की टीम
112 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल आरंग की टीम ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी की। पृथ्वी ने 22 रन, समर ने 19 रन और लक्ष्य चेलक ने 17 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं, लेकिन सृजन सोनकर स्कूल के गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के सामने टीम टिक नहीं सकी। गांधी इंग्लिश मीडियम की पूरी टीम 18.5 ओवर में 102 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
सृजन सोनकर स्कूल की ओर से तौसीफ चौहान ने 2 विकेट लेकर विपक्षी टीम पर दबाव बनाया। वहीं दक्ष जोशी, पुष्पेंद्र धीवर और भावेश सोनकर ने 1-1 विकेट हासिल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस तरह सृजन सोनकर स्कूल ने 9 रनों से रोमांचक जीत दर्ज की। बल्ले से 19 रन और गेंद से 2 विकेट लेने वाले तौसीफ चौहान को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
सेमीफाइनल में चार टीमों के बीच होगी जोरदार भिड़ंत
अंतिम लीग मुकाबले के परिणाम के साथ ही इंटर स्कूल क्रिकेट चैंपियनशिप सीजन-1 के सेमीफाइनल की तस्वीर स्पष्ट हो गई है। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबलों में स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद का सामना द आरंभ स्कूल नरदहा से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल आरंग और सृजन सोनकर स्कूल आरंग की टीमें आमने-सामने होंगी।
अब चारों टीमें फाइनल में जगह बनाने के लिए मैदान पर अपना दमखम दिखाएंगी। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में रोमांचक क्रिकेट और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।