June 09, 2026


सरजू बांधा तालाब की सफाई एवं गहरीकरण के लिए महापौर से मिला कृष्ण मित्र फाउंडेशन


रायपुर : कृष्ण मित्र फाउंडेशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे से भेंट कर सरजू बांधा नया तालाब, टिकरापारा की दयनीय स्थिति से अवगत कराया और तत्काल सफाई एवं गहरीकरण की मांग की। साथ ही मुक्तिधाम में क्षतिग्रस्त दाह संस्कार शेड की मरम्मत का आग्रह भी किया।

फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री माधव लाल यादव ने महापौर को बताया कि लगभग 35 एकड़ में फैला यह तालाब वर्तमान में बेहद खराब स्थिति में है। तालाब के प्राकृतिक जल स्रोत बंद हो चुके हैं। संजय नगर और टिकरापारा वार्ड की नालियों का गंदा पानी सीधे तालाब में गिर रहा है, जिससे पूरा जल दूषित हो गया है। पानी में कीड़े पड़ गए हैं और दुर्गंध फैल रही है।

*धार्मिक भावनाएं भी हो रहीं आहत:* श्री यादव ने कहा कि यह जल अब नहाने और छूने योग्य भी नहीं रहा। मजबूरी में छत्तीसगढ़ी समाज को नहावन, दशगात्र आदि मृत्यु संस्कार के कार्यक्रम इसी दूषित जल से संपन्न करने पड़ रहे हैं। पितरों को मल-मूत्र युक्त जल का तर्पण देना पड़ रहा है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।

एक समय था जब आसपास के क्षेत्र के लोग इस तालाब के जल से भोजन पकाते थे, पीने में उपयोग करते थे। सैकड़ों लोग प्रतिदिन स्नान करते थे। बेहद स्वच्छ पानी हुआ करता था। लेकिन बीते कुछ वर्षों में लापरवाही के चलते तालाब की दुर्गति हो गई है। पॉलीथिन समेत सभी प्रकार का कचरा तालाब में भर गया है और अंदर के प्राकृतिक झरिया जल स्रोत भी मृत हो चुके हैं।

*मांग:* प्रतिनिधिमंडल ने मांग रखी कि तालाब को बचाने के लिए नालियों को डायवर्ट कर गंदा पानी बाहर निकाला जाए। साथ ही तालाब की पूर्ण सफाई एवं गहरीकरण कार्य अतिशीघ्र कराया जाए।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने प्रतिनिधिमंडल को शीघ्र ही तालाब सफाई कार्य प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया। साथ ही सरजू बांधा श्मशान घाट में क्षतिग्रस्त दाह संस्कार शेड की तत्काल मरम्मत/पुनर्निर्माण कराने का भी भरोसा दिलाया। प्रतिनिधिमंडल में फाउंडेशन के उपाध्यक्ष श्री रतन जैन, सचिव श्री गोवर्धन झंवर, कोषाध्यक्ष श्री संजय चंद्राकर, श्री राजू यादव, श्रीमती मीना यादव, श्रीमती रेखा झंवर एवं श्रीमती कलावती शुक्ला शामिल थे।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch