May 21, 2026


अवैध रूप से बसा रहे थे मिनी सिटी चला बुलडोजर

मनगटा से लगे ग्राम बघेरा और झुराडबरी के बीच डेढ़ सौ एकड़ क्षेत्र में अवैध निर्माण तोड़ा दलालों के खेल में पटवारी और राजस्व निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी

राजनांदगांव: अय्याशी का अड्डा बन चुके मनगटा से लगे बघेरा और झुराडबरी क्षेत्र में अवैध रूप से मिनी सिटी बसाई जा रही थी। वहां डेढ़ सौ एकड़ से भी अधिक क्षेत्र में धड़ल्ले से मैरिज हाल, पक्की सड़क, नाली, तालाब, उद्यान आदि का निर्माण कराया जा रहा था। अकेले लगभग 10 एकड़ में ही मैरिज हाल बनाया जा रहा था। टुकड़ों में प्लटिंग कर कालोनी बसाई जा रही थी। सुबह वहां प्रशासन ने बुलडोजर चलवाकर सारे ढांचोंं को ध्वस्त कर दिया। वहां बाउंड्रीवाल, प्रवेश द्वार (गेट), रिसार्ट, तार-जाली की फेंसिंग को भी जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया। साथ ही अवैध रूप से विकसित सड़कों को खोदकर भूमि को उसके मूल स्वरूप में लाया गया। पटवारी और राजस्व निरीक्षक को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

बघेरा और झुराडबरी क्षेत्र में दलालों ने दुर्ग और भिलाई क्षेत्र के 50 से अधिक लोगों को वहां जमीन बिकवाई है। प्रशासन द्वारा भूमि स्वामियों को अवैध प्लाटिंग के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर बुधवार के अवैध निर्माण और संरचनाओं को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। एसडीएम गौतम पाटिल ने बताया कि सक्षम अधिकारी के बिना अनुमति अवैध प्लाटिंग या शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण किया जाता है, तो उनके खिलाफ इसी तरह बिना किसी रियायत के सीधे बुलडोजर चलाने और कानूनी एफआइआर दर्ज कराई जाएगी।

इनकी जमीन पर कराया जा रहा था अवैध निर्माण

एसडीएम गौतम पाटिल और तहसीलदार प्यारेलाल नाग के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम द्वारा पंकज जैन पिता अमृत लाल के स्वामित्व वाले खसरा नंबर 129/1, 137/1, 137/2, 130/1, 131/1, 147/1 एवं 157/1 पर निर्मित अवैध संरचनाओं को पूरी तरह से ध्वस्त किया गया। रूक्मणी पति छेरकू के खसरा नंबर 565/1, नेहा महाजन पिता अंकुश महाजन के खसरा नंबर 570/1, प्रमोद चौधरी पिता रामायण चौधरी के खसरा नंबर 569/1, शालिनी साहू पति मुरलीधर साहू के खसरा नंबर 386/1 तथा हिमांशु कुमार पिता रामइकबाल ठाकुर के खसरा नंबर 628/1 में की गई अवैध प्लाटिंग पर भी कार्रवाई की गई। इसी प्रकार ग्राम झुराडबरी (सुराडबरी) में सीमा मौर्य पति राजनाथ मौर्य के खसरा नंबर 713/2, नेहा महाजन पिता अंकुश महाजन के खसरा नंबर 722/2, राघवेन्द्र सिंह पिता हंसध्वज के खसरा नंबर 648/3 तथा चंद्रशेखर पिता मंगनूराम के खसरा नंबर 648/9 एवं 648/10 में अवैध प्लाटिंग एवं कब्जा हटाने की कार्रवाई की गई।

 अवैध प्लाटिंग पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई

प्रशासन द्वारा अवैध कालोनाइजरों और अवैध प्लाटिंग करने वालों के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। शहर में भी अवैध प्लाटिंग पर प्रशासन का समय-समय पर बुलडोजर चलता रहा है। लगभग डेढ़ वर्ष पहले भी मनगटा क्षेत्र में इसी तरह की बुलडोजर कार्रवाई की गई थी। तब भू-माफियों ने निजी जमीन के साथ सरकारी जमीन पर भी अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण शुरू करा दिया था, लेकिन अवैध प्लाटिंग और बिना अनुमति के निर्माण को लेकर बुधवार को की गई कार्रवाई अब तक की सबसे बड़ी है। इसी के साथ प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अवैध निर्माण को बढ़ावा देने या समय पर इसकी जानकारी न देने वाले जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों को भी बख्शा नहीं जाएगा।

किसी को बख्शा नहीं जाएगा 

न केवल भूमि स्वामियों पर कार्रवाई की गई है, बल्कि संबंधित हल्का पटवारी और राजस्व निरीक्षक को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अवैध निर्माण को बढ़ावा देने या समय पर इसकी जानकारी न देने वाले जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों को भी बख्शा नहीं जाएगा।

जितेंद्र यादव, कलेक्टर\


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch