राजनांदगांव: एचआइवी/एड्स नियंत्रण के क्षेत्र में निर्धारित लक्ष्य हासिल कर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत मिली इस उपलब्धि पर राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। राज्योत्सव के मंच पर मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने यह सम्मान प्रदान किया।
भारत सरकार ने वर्ष 2030 तक एचआईवी संक्रमण की रोकथाम और नियंत्रण के लिए 95-95-95 का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके तहत एचआइवी जांच के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करना, संक्रमित व्यक्तियों को एआरटी सेंटर दुर्ग में पंजीकृत कर उपचार से जोड़ना और उपचाररत 95 प्रतिशत लोगों का वायरल लोड नियंत्रित करना शामिल है। जिले ने इन मानकों को पूरा कर प्रदेश में सबसे पहले यह उपलब्धि हासिल की है।
इस उपलब्धि के लिए कलेक्टर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला नोडल अधिकारी और क्लस्टर प्रोग्राम मैनेजर को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सीमित संसाधनों के बावजूद आईसीटीसी काउंसलर और लैब टेक्नीशियन सहित मैदानी अमले ने लक्ष्य हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अब जिले का लक्ष्य सुरक्षित प्लस श्रेणी में अपनी स्थिति मजबूत करना है। इसके लिए सभी गर्भवती महिलाओं की एचआईवी और सिफलिस जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि संक्रमण की समय पर पहचान कर उपचार दिया जा सके और नवजात शिशुओं को एचआईवी संक्रमण से बचाया जा सके।