राजनांदगांव :- तीज का त्योहार मनाने बच्चों के साथ मायके नागपुर जाने निकली मां को क्या पता था कि यह सफर परिवार के लिए जिंदगी का सबसे दर्दनाक अध्याय बन जाएगा। गुरुवार रात घर से मायके के लिए रवाना हुई महिला और उसके चार व छह वर्षीय बच्चों की शुक्रवार तड़के महाराष्ट्र के भंडारा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की खबर पहुंचते ही चिचोला रानीतलाव क्षेत्र के ग्राम औराटोला में मातम पसर गया। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर मालवाहक वाहन और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो में सवार चिचोला रानीतलाव के ग्राम औराटोला निवासी 30 वर्षीय गायत्री रूपेश उईके, उनके चार वर्षीय पुत्र धैर्य और छह वर्षीय पुत्री स्वीटी उईके की मौत हो गई।
गायत्री गुरुवार रात दोनों बच्चों को लेकर तीज मनाने मायके जाने के लिए निकली थीं। परिवार में त्योहार को लेकर उत्साह था, लेकिन मायके पहुंचने से पहले ही रास्ते में हुए हादसे ने तीन जिंदगियां छीन लीं। हादसे की सूचना मिलने के बाद स्वजन बदहवास हो गए और पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस की कार्रवाई के बाद तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। पीएम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिए गए। शुक्रवार को गांव में गमगीन माहौल के बीच मां और दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ तीन अर्थियां उठने का दृश्य देख ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।