खैरागढ़: मोबाइल की एक छोटी-सी चूक बैंक खाते पर भारी पड़ सकती है। अनजान लिंक पर क्लिक, संदिग्ध काल का जवाब या ओटीपी साझा करना साइबर ठगी का रास्ता खोल सकता है। इसी बढ़ते खतरे के बीच खैरागढ़ में साइबर सुरक्षा का संदेश करीब दो हजार छात्र-छात्राओं और नागरिकों तक पहुंचाया गया। राजकुमारी इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय के कैंपस-दो2 स्थित आडिटोरियम में शुक्रवार को साइबर जागृति अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्यअतिथि महिला एवं बाल विकास विभाग की कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े रहीं। अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय कुमार यादव ने की। मंत्री राजवाड़े ने विद्यार्थियों, युवाओं और नागरिकों से साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने तथा अपने आसपास भी जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने साइबर फ्रॉड से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।
अपराधों का स्वरूप तेजी से बदल रहा
आइजी अजय कुमार यादव ने कहा कि अपराधों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। पारंपरिक अपराधों के साथ साइबर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित इस्तेमाल और साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रत्येक व्यक्ति के लिए जरूरी है। उन्होंने बताया कि केसीजी पुलिस द्वारा बदलते साइबर अपराधों को देखते हुए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में लोगों को अनजान लिंक, संदिग्ध काल और मैसेज से सावधान रहने तथा ओटीपी, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करने की अपील की गई। कार्यक्रम के बाद मंत्री राजवाड़े और आइजी यादव ने सेल्फी लेकर साइबर जागरूकता का संदेश प्रसारित किया। उपस्थित लोगों से भी सेल्फी के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश आगे बढ़ाने की अपील की गई। इस दौरान विश्वविद्यालय की कुलपति डा.लवली शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।