राजनांदगांव: शराब दुकान में बिना पैसे बोतल देने से इनकार करना सेल्समैन को भारी पड़ गया। पैसे नहीं होने के बावजूद शराब मांग रहे दो युवकों ने विवाद के बाद सेल्समैन के चेहरे और नाक के पास धारदार चाकू से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया गया है। प्रार्थी मुड़िया मोहारा निवासी चंद्रेश कुमार सिन्हा बसंतपुर क्षेत्र की देशी शराब दुकान में सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं। रात में वह सहकर्मियों के साथ ग्राहकों को शराब बेच रहे थे। आरोपित चौखड़िया पारा निवासी 23 वर्षीय भरत उर्फ सोनू साहू व फरहद निवासी 23 वर्षीय राेशन साहू पहुंचे।
दोनों ने बिना पैसे दिए शराब की बोतल मांगी। सेल्समैन ने शराब देने से मना किया तो दोनों विवाद और गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद आरोपितों ने धारदार चाकू से सेल्समैन के चेहरे और नाक के पास वार कर दिया। संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दोनों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चाकू बरामद किया गया।