September 12, 2026


शहर की बदहाल सड़कों का जिम्मेदार कौन : संदीप सोनी

महापौर और निगम प्रशासन से मांगा जवाब जल्द सुधार नहीं तो आंदोलन

राजनांदगांव :- नगर निगम क्षेत्र में सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर युवा कांग्रेस नेता संदीप सोनी ने महापौर मधुसूदन यादव और नगर निगम प्रशासन पर सवाल उठाते हुए शहर की मूलभूत सुविधाओं को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के कई इलाकों में सड़कें जर्जर हो चुकी हैं जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं और बारिश के बाद स्थिति और भी खराब हो गई है। इसके चलते आम नागरिकों, दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

श्री सोनी ने कहा कि नगर निगम का प्रमुख दायित्व शहरवासियों को बेहतर सड़क, नाली, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। लेकिन वर्तमान में शहर की सड़कों की स्थिति देखकर ऐसा लगता है कि निगम प्रशासन जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर सड़कें लंबे समय से खराब हैं बावजूद इसके उनकी मरम्मत को लेकर ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने महापौर मधुसूदन यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि शहर की जनता लगातार खराब सड़कों को लेकर सवाल उठा रही है लेकिन इन सवालों का स्पष्ट जवाब सामने नहीं आ रहा है। श्री सोनी ने सवाल किया कि आखिर महापौर जनता की परेशानियों पर कब संज्ञान लेंगे और शहर की सड़कों की हालत कब सुधरेगी। श्री सोनी ने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं बल्कि शहर की बुनियादी व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। जर्जर सड़कों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा भी नहीं हो पाता। उन्होंने नगर निगम से प्राथमिकता के आधार पर खराब सड़कों का सर्वे कराकर तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। श्री सोनी ने महापौर के भाई से जुड़े जमीन के कथित फर्जीवाड़े के मामले में दर्ज एफआईआर का भी उल्लेख करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों से जुड़े किसी भी मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों को लेकर भी जनता के बीच उठ रहे सवालों पर स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक तरफ शहरवासी सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर परेशान हैं वहीं दूसरी ओर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में महापौर को सामने आकर जनता की समस्याओं पर जवाब देना चाहिए और शहर के विकास तथा सड़क सुधार के लिए स्पष्ट कार्ययोजना बतानी चाहिए। श्री सोनी ने कहा कि यदि नगर निगम प्रशासन ने जल्द ही जर्जर सड़कों की मरम्मत और आवश्यक निर्माण कार्य शुरू नहीं किए तो युवा कांग्रेस शहर की जनता की समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब शहर की जनता जवाब चाहती है कि नगर निगम क्षेत्र की जर्जर सड़कें कब सुधरेंगी और महापौर जनता के सवालों का जवाब कब देंगे।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch