राजनांदगांव। शहर के गौरीनगर तालाब में गोवंश का सिर कटा शव मिलने के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। शुक्रवार को पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। बताया जा रहा है कि युवक करीब 15 से 20 दिन पहले नागपुर से गौरीनगर स्थित अपनी बहन के घर आया था। मामले में युवक की भूमिका को लेकर संदेह जताया जा रहा है। इधर, संदिग्ध को हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिलते ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी गौरीनगर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने सिटी कोतवाली पहुंचकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बाद में पुराना बस स्टैंड चौराहे पर सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे। जय श्री राम और बजरंग दल के नारे लगा रहे थे।
गौरीनगर तालाब में गोवंश का सिर कटा शव मिलने की घटना सामने आने के बाद शहर में सनसनी फैल गई थी। घटना को लेकर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद ने प्रदर्शन करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद से ही पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई थी। शुक्रवार को संदिग्ध युवक को हिरासत में लिए जाने के बाद मामले में जांच आगे बढ़ी है। संदेही के घर के सामने भी रहवासियों और हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया। हिंदू संगठन के नेताओं ने आरोपित के घर के भीतर पुलिस की मौजूदगी में जांच की।
बहन के घर का मुआयना, सुरक्षा बढ़ाई
संदिग्ध युवक 15 से 20 दिन पहले नागपुर से गौरीनगर स्थित अपनी बहन के घर आया था। पुलिस को संदेह है कि वह गोवंश का सिर काटने की घटना में शामिल हो सकता है। इसी के मद्देनजर पुलिस ने उसकी बहन के घर पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। साथ ही घर का मुआयना कर घटना से जुड़े संभावित साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
कोतवाली में पूछताछ जारी
संदिग्ध युवक को सिटी कोतवाली थाने में रखा गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं, हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर मामले में दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। संदिग्ध युवक की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।