May 27, 2026


अब छत से बन रही बिजली, हजारों घरों का बिल पहुंचा जीरो

ऊर्जा संकट के बीच साढ़े तीन हजार घरों में पहुंची पीएम सूर्यघर बिजली



राजनांदगांव: बढ़ते बिजली बिलों के बीच अब हजारों घर अपनी छतों से ही बिजली तैयार कर रहे हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों में रूफटाप सोलर संयंत्र लगाने की रफ्तार तेजी से बढ़ी है। योजना के तहत तीनों जिलों में अब तक 3500 से अधिक सोलर प्लांट लगाए जा चुके हैं। इससे बड़ी संख्या में घरेलू उपभोक्ताओं का बिजली बिल काफी कम हो गया है, जबकि कई घरों में बिल शून्य तक पहुंच गया है।

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी राजनांदगांव क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक शिरीष सेलट ने बताया कि योजना के तहत लोगों को तेजी से लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नेट मीटरिंग लगते ही उपभोक्ताओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से सब्सिडी की राशि भेजी जा रही है। अब तक 2406 उपभोक्ताओं को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि तीनों जिलों में 6052 लोगों ने आवेदन किया है। इनमें 6045 उपभोक्ताओं की औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 5670 लोग वेंडर का चयन भी कर चुके हैं। वर्तमान में राजनांदगांव जिले में 2899, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 401 और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में 181 घरों में सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। योजना की समीक्षा के दौरान पंजीकृत वेंडरों को समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली कंपनी ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के घरों में सोलर प्लांट लगाने में लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को भी नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

बिजली कंपनी के अनुसार, एक किलोवाट का सोलर प्लांट हर महीने 120 से 150 यूनिट तक बिजली तैयार करता है। वहीं दो किलोवाट प्लांट से 240 से 300 यूनिट और तीन किलोवाट प्लांट से 360 से 450 यूनिट तक बिजली उत्पादन संभव है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिजली खर्च में राहत मिल रही है। योजना के तहत केंद्र और राज्य सरकार की ओर से आकर्षक सब्सिडी भी दी जा रही है। इसके अलावा कई सरकारी और निजी बैंक रियायती ब्याज दर पर लोन उपलब्ध करा रहे हैं, ताकि लोग आसान किस्तों में सोलर प्लांट लगवा सकें।

00 तीन जिलों में योजना की स्थिति

6052 लोगों ने किया आवेदन

6045 आवेदनों की औपचारिकताएं पूरी

5670 उपभोक्ताओं ने चुने वेंडर

3500 से ज्यादा सोलर संयंत्र स्थापित

2406 उपभोक्ताओं को मिली सब्सिडी राशि

00 किस जिले में कितने सोलर प्लांट

राजनांदगांव : 2899

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई : 401

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी : 181


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch