दंतेवाड़ा : सुशासन तिहार के अंतर्गत कटेकल्याण विकासखंड के ग्राम पंचायत भूसारास में बुधवार जनसमस्या निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया।इस शिविर में भूसारास सहित एड़पाल, दुधीरास, बड़े बेड़मा, कोरीरास, छोटे बेड़मा, जंगमपाल, प्रपातगिरी और छोटे लखापाल सहित कुल 9 पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुना गया और त्वरित निराकरण के प्रयास किए गए। राज्य स्तर से संबंधित मांगों को प्रस्ताव के रूप में प्रेषित करने की भी कार्यवाही की जा रही है। शिविर में कुल 207 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें विभिन्न विभागों से संबंधित मांगें और शिकायतें शामिल थीं। इनमें से 26 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष 181 आवेदनों के शीघ्र निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी सहित जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच एवं पंचगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई, जिससे ग्रामीणों ने योजनाओं के प्रति जागरूकता प्राप्त की और अपनी मांगों से संबंधित आवेदन भी प्रस्तुत किए। शिविर में विभागीय गतिविधियों के अंतर्गत मत्स्य विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को जाल एवं कीट का वितरण किया गया। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 4 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा 3 माताओं एवं शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत सीईओ आशीष डे सहित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया तथा शासन की योजनाओं का लाभ लेने हेतु जागरूकता हासिल की।