June 14, 2026


बरसाने वाली राधा रानी का सजा भव्य दरबार रस में सराबोर हुआ श्री नारायण धाम

श्री नारायण महामहोत्सव में आज पुरुषोत्तम मास की त्रयोदशी पर होगा हरिहर मिलन

राजनांदगांव: श्री सत्यनारायण धर्मशाला स्थित श्री नारायण धाम में आयोजित श्री नारायण महामहोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को बरसाने वाली राधा रानी का दिव्य दरबार सजाया गया। राधा नाम की महिमा और भक्ति की अलौकिक अनुभूति से सराबोर इस आयोजन में श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर भक्ति रस का आनंद लिया। भक्ति का ऐसा वातावरण बना कि भक्त कभी स्वयं को राधा तो कभी कृष्ण के स्वरूप में अनुभव करने लगे।

आयोजन में राधा रानी का आकर्षक एवं मनोहारी श्रृंगार कर भव्य दरबार सजाया गया। चारों ओर राधा नाम की महिमा का गुणगान गूंजता रहा। वक्ताओं ने कहा कि राधा नाम कोई साधारण शब्द नहीं, बल्कि साक्षात महामंत्र है। भगवान श्रीकृष्ण भी राधा नाम के वशीभूत रहते हैं और उनकी प्रसन्नता के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। राधा रानी भगवान श्रीकृष्ण की सर्वोच्च प्रेम शक्ति हैं, जिनके नाम के स्मरण मात्र से मन को शांति और जीवन को नई दिशा प्राप्त होती है।

संस्कारधानी की लाडली बिटिया एवं प्रसिद्ध भजन गायिका राधिका शर्मा ने राधा नाम की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। उन्होंने अपनी मधुर एवं भावपूर्ण आवाज में राधा-कृष्ण प्रेम के अनमोल मोतियों को भजनों में पिरोकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो दिया। भजनों की प्रस्तुति के दौरान ऐसा आध्यात्मिक वातावरण निर्मित हुआ कि श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। पूरा श्री नारायण धाम "राधे-राधे" के जयघोष से गुंजायमान हो गया और भक्त भक्ति की मस्ती में सराबोर दिखाई दिए।

महाआरती में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल, आस्था मूक-बधिर संस्था के अध्यक्ष महेंद्र सुराणा, श्याम मित्र मंडल के अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल तथा समाजसेवी नंदू भूतड़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। श्री सत्यनारायण मंदिर समिति द्वारा सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत-अभिनंदन किया गया। अतिथियों ने महाआरती में सहभागिता निभाकर श्री नारायण एवं राधा रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

 आज पुरुषोत्तम मास की त्रयोदशी पर होगा हरिहर मिलन

श्री सत्यनारायण मंदिर समिति के कार्यकारिणी सदस्य विष्णु लोहिया व नरेंद्र गोयल ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के 13वें दिवस, शनिवार 13 जून को हरिहर मिलन का विशेष आयोजन किया जाएगा। हरि अर्थात भगवान विष्णु और हर अर्थात भगवान शिव के दिव्य मिलन की महिमा का वर्णन भजनामृत रसधारा के माध्यम से किया जाएगा। इस अवसर पर वैष्णवी रंगारी अपने श्रीमुख से संगीतमय भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को भक्ति रस में सराबोर करेंगी। श्री नारायण धाम, श्री सत्यनारायण धर्मशाला में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भक्त भक्ति, सत्संग एवं आराधना के माध्यम से आध्यात्मिक आनंद प्राप्त कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति का आशीर्वाद मांग रहे हैं। उक्त जानकारी श्री सत्यनारायण मंदिर समिति के सचिव सौरभ खंडेलवाल एवं उत्सव प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने दी।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch