November 02, 2026


मेधावी बच्चों की उच्च शिक्षा का रास्ता होगा आसान पांच हजार से एक लाख तक मिलेगी सहायता

अवसर: श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा लाभ

राजनांदगांव:श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने मद्द मिलेगी। असंगठित कर्मकारों के बच्चों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के आधार पर पांच हजार से लेकर एक लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। कक्षा 10वीं और 12वीं में अध्ययनरत छात्र को पांच हजार तथा छात्रा को 5500 रुपये दिए जाएंगे। स्नातक स्तर पर छात्रों को सात हजार और छात्राओं को 7500 रुपये मिलेंगे। स्नातकोत्तर स्तर पर छात्र को 10 हजार और छात्रा को 10,500 रुपये की सहायता दी जाएगी। इसी तरह व्यावसायिक एवं प्रोफेशनल शिक्षा के लिए छात्रों को 12 हजार तथा छात्राओं को 12,500 रुपये देने का प्रविधान है। इसके अलावा छमाशि मंडल की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में टाप-टेन में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों को एकमुश्त एक लाख रुपये दिए जाने का प्रविधान रखा गया है। विद्यार्थियों को अधिक से अधिक आवेदन करने प्रेरित किया जा रहा है। ताकि विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके। 

सामान्य शैक्षणिक प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने के लिए संबंधित कक्षा अथवा पाठ्यक्रम में कम से कम 75 प्रतिशत अंक या समकक्ष ग्रेड हासिल करना जरूरी होगा। वहीं, विशेष प्रोत्साहन के लिए अधिसूचना में निर्धारित शर्तों का पालन करना होगा। इसके अतिरिक्त दोपहिया वाहन क्रय करने के लिए एक लाख रुपये की सहायता का भी प्रविधान किया गया है। पात्र हितग्राहियों से योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी श्रम कार्यालय से प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने की अपील की है।

 प्रतियोगी परीक्षाओं की देंगे कोचिंग

इसके अलावा पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। एसएससी, रेलवे ग्रुप डी, व्यापामं, सीजी पीएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इसके लिए भी विभाग ने अपने स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। विभाग में करीब एक लाख से अधिक पंजीकृत श्रमिक हैं। श्रमिकों को कोचिंग के लिए राशि खर्च नहीं करनी पड़ेगी।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch