राजनांदगांव : कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझते हुए गर्भावस्था पूरी करना और स्वस्थ बच्चे को जन्म देना किसी चुनौती से कम नहीं है। शहर के कंचनबाग स्थित डा. सुरभि मोहबे सुपर स्पेशियलिटी हास्पिटल में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। यहां ब्रेस्ट कैंसर से पीड़ित 32 वर्षीय महिला ने पूरे नौ महीने की गर्भावस्था के बाद सर्जरी से स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।
जानकारी के अनुसार, महिला को गर्भावस्था के चौथे महीने में ब्रेस्ट कैंसर होने का पता चला था। बीमारी के उपचार के लिए कीमोथेरेपी की जरूरत थी, लेकिन गर्भ में पल रहे बच्चे की सुरक्षा भी बड़ी चुनौती थी। नौ माह की गर्भावस्था के दौरान महिला को चार बार कीमोथेरेपी दी गई।
डा. सुरभि मोहबे के अनुसार, गर्भावस्था के दौरान कीमोथेरेपी में कई तरह की जटिलताओं की आशंका रहती है। इनमें बच्चे का कम वजन, जन्मजात विकृतियां और गर्भ में ही शिशु की मृत्यु जैसी गंभीर आशंकाएं शामिल हैं। करीब 15 दिन पहले गर्भावस्था पूरी होने पर सर्जरी के माध्यम से प्रसव कराया गया। इसमें महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। प्रसूता और नवजात दोनों की स्थिति सामान्य बताई गई है। सर्जरी के बाद चिकित्सकीय निगरानी के लिए महिला अस्पताल में भर्ती है। डा. सुरभि के मुताबिक, प्रसव के बाद भी कैंसर का उपचार जारी रहेगा। आगे सर्जरी और कीमोथेरेपी की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।